दिल्ली पुलिस के एएसआई ने घर में जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, सोनीपत में तोड़ा दम

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ जिले में तैनात एक सहायक उप-निरीक्षक द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डीआईयू यूनिट में तैनात एएसआई रविंद्र ने बुधवार तड़के अपने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दुखद घटना के बाद दिल्ली पुलिस महकमे और पीड़ित परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई रविंद्र आउटर नॉर्थ जिले की जिला जांच इकाई में ड्यूटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। बुधवार सुबह जब परिजनों को उनके जहरीला पदार्थ सेवन करने की जानकारी मिली, तो हड़कंप मच गया। उन्हें आनन-फानन में हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा स्थित नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एएसआई रविंद्र वर्ष 1998 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। वे एक अनुभवी अधिकारी माने जाते थे और वर्तमान में डीआईयू में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके परिवार में उनकी वृद्ध मां, पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। रविंद्र के इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने एएसआई रविंद्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित थाना पुलिस मामले की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More