सोनिया विहार में रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में गाजियाबाद के युवक की मौत, साथी गंभीर

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जीरो पुश्ता के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 08:20 बजे सोनिया विहार थाने को सूचना मिली कि जीरो पुश्ता पर एक मोटर वाहन दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां उत्तर प्रदेश नंबर की एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में मिली। मौके पर मौजूद दो घायलों को तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जिसकी पहचान आयुष प्रताप सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथी राज कुमार (30 वर्ष) का इलाज चल रहा है। दोनों घायल अमन गार्डन, गाजियाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया और वहां से साक्ष्य एकत्र किए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। चश्मदीदों के अनुसार, किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। सोनिया विहार थाना पुलिस ने इस संबंध में कानून की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More