सीलमपुर में बिरयानी की दुकान पर दोस्त के साथ खाना खा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना पुलिस ने बिरयानी की दुकान पर हुए सनसनीखेज तारिक हसन हत्याकांड की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने इलाके के एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

सीलमपुर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर नरपाल सिंह यादव के नेतृत्व में गठित एक समर्पित टीम ने मामले की गहनता से जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने न्यू सीलमपुर निवासी आबिर उर्फ साबिर उर्फ ‘पोपा’ (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी आबिर, स्वर्गीय मोहम्मद अयूब उर्फ अयूब पहलवान का बेटा है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।

सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसी ने तारिक हसन पर गोली चलाई थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल भी बरामद कर ली है। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी ‘पोपा’ कोई मामूली अपराधी नहीं है; वह पहले से हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, मकोका, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट जैसे करीब 26 गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27/59 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट के अनुसार, इस गिरफ्तारी से इलाके के अपराधियों में कड़ा संदेश गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्याकांड के पीछे मुख्य रंजिश क्या थी और क्या इसमें कोई और भी शामिल था। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More