नेट बैंकिंग में सेंध लगाकर उड़ाए थे लाखों, दिल्ली पुलिस ने बिहार में छापेमारी कर दबोचे दो जालसाज, ₹2.35 लाख नकद बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली की नॉर्थ-ईस्ट जिला साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिहार के भागलपुर से दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी गई ₹2,35,000 की नकदी, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

नॉर्थ-ईस्ट जिला पुलिस के अनुसार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के निवासी अनिल भसीन ने एक शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने नेट बैंकिंग के जरिए उनके बैंक खाते तक अनधिकृत पहुंच बनाकर ₹5,81,775 की धोखाधड़ी की है। इस शिकायत पर साइबर पुलिस स्टेशन में बीएनएस की संबधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर राहुल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजैक्शन के सुरागों का पीछा करते हुए बिहार के भागलपुर में छापेमारी की। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान पीतांबर कुमार (29) निवासी परबत्ती, भागलपुर और विकास कुमार (29) निवासी खरमन चक, भागलपुर के रूप में हुई है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। ये ठग पीड़ितों के मोबाइल फोन पर घातक ‘APK’ फाइल भेजते थे। जैसे ही पीड़ित उस फाइल को इंस्टॉल करता, ये उसके मोबाइल और बैंकिंग क्रेडेंशियल पर कब्जा कर लेते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ठगी की रकम में से ₹2.35 लाख बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More