सीलमपुर में मामूली बात पर खूनी संघर्ष, बेकरी के पास स्कूटी सवारों ने दो भाइयों को चाकुओं से गोदा

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में गणतंत्र दिवस की शाम मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गौतमपुरी इलाके में स्कूटी सवार दो युवकों ने सड़क पार करने के दौरान हुई कहासुनी के बाद दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी की शाम करीब 05:14 बजे सीलमपुर थाना पुलिस को गौतमपुरी की गली नंबर-6 में झगड़ा होने की सूचना मिली। जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंची, स्थानीय लोग दोनों घायल भाइयों को आनन-फानन में जेपीसी अस्पताल ले जा चुके थे। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के समय एक भाई इलाके की ही एक बेकरी के सामने से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवकों के साथ उसकी किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि स्कूटी सवारों ने उस पर हमला कर दिया। जब दूसरा भाई उसे बचाने के लिए बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उस पर भी प्रहार कर दिया और मौके से फरार हो गए।

सीलमपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में कानून की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के स्कूटी नंबर और पहचान का सुराग लग सके। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More