दिल्ली में बुजुर्ग महिला के घर हुई चोरी का मामला सुलझा, तीन चोर गिरफ्तार; 32 लाख का सोना-चांदी और नकदी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के साउथ डिस्ट्रिक्ट की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने बेहद कम समय में एक बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए तीन कुख्यात चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों ने नए साल के पहले दिन एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर उनकी जीवनभर की जमा पूंजी पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से पूरा चोरी का माल – 32 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी के गहने, नकदी और एक चोरी की स्कूटी – बरामद कर लिया।

साउथ डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी अंकित चौहान ने बताया कि 1 जनवरी की सुबह एक बुजुर्ग महिला अपने घर लौटीं तो मुख्य गेट का हैंडल टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उनकी अलमारी से सोने-चांदी के गहने और नकदी गायब थे। इस संबंध में अंबेडकर नगर थाने में FIR दर्ज की गई, जिसमें BNS की धारा 305(a) और 331(4) लगाई गईं। मामला गंभीर होने के कारण जांच AATS को सौंपी गई।

इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में टीम ने तुरंत काम शुरू किया। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें रात करीब 3 बजे तीन संदिग्ध मुंह ढककर घर में घुसते दिखे। कई कैमरों की फुटेज को जोड़कर आरोपियों की ट्रेलिंग की गई, जिससे उनकी पहचान हुई। लोकल इंटेलिजेंस और टेक्निकल सर्विलांस से पता चला कि आरोपी इशाक उर्फ कलुआ, पवन और भारत उर्फ विक्की हैं। इनमें पवन और भारत अंबेडकर नगर थाने के सक्रिय बदमाश हैं।

डीसीपी ने बताया कि खुफिया सूचना मिली कि आरोपी साकेत के पुष्प विहार इलाके में नाला रोड पर घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी की और चोरी की स्कूटी पर सवार तीनों को चोरी के गहनों और नकदी के साथ धर दबोचा। आरोपियों की पहचान अंबेडकर नगर निवासी 24 वर्षीय इशाक उर्फ कलुआ, अंबेडकर नगर निवासी 26 वर्षीय पवन और मदनगीर निवासी 23 वर्षीय भारत उर्फ विक्की के रूप में हुई हैं। आरोपियों से बरामदगी में 228 ग्राम सोने के गहने (नेकलेस, चूड़ियां, झुमके, मांग टीका आदि), 708 ग्राम चांदी के गहने (पायल, कमरबंद, चुटकी, वैष्णो देवी सिक्के), 1.15 लाख रुपये नकदी और एक चोरी की स्कूटी शामिल है। इस गिरफ्तारी से मालवीय नगर थाने का एक वाहन चोरी का केस भी सुलझ गया। इशाक पर 2 पुराने केस, पवन 8 केसों में शामिल सक्रिय BC; भारत 14 केसों में शामिल व वांटेड सक्रिय BC है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More