आउटर दिल्ली में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: 9 बदमाश पकड़े, अवैध हथियार और चोरी के वाहन जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के आउटर डिस्ट्रिक्ट ने नए साल की शुरुआत में ही अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। सक्रिय गश्त के दौरान विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने 9 कुख्यात बदमाशों को धर दबोचा। इनके पास से 7 बटनदार चाकू, 2 देशी कट्टे, 2 जिंदा कारतूस, 4 चोरी की स्कूटी, 3 चोरी की मोटरसाइकिल और 5 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस कार्रवाई से 11 पुराने चोरी के मामले सुलझा लिए गए।

डीसीपी आउटर डिस्ट्रिक्ट सचिन शर्मा के नेतृत्व में सभी पुलिसकर्मियों को असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अपनाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। गश्त को और तेज किया गया है और संवेदनशील जगहों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। इसी का नतीजा है कि 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 को मंगोलपुरी, निहाल विहार, नांगलोई, राज पार्क, रनहोला, पश्चिम विहार वेस्ट और सुल्तानपुरी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाइयां हुईं।

मंगोलपुरी थाने की टीम ने रामलीला ग्राउंड के पास संदिग्ध नरेंद्र उर्फ घुन्ना को पकड़ा। उसके पास से बटनदार चाकू, दो चोरी के मोबाइल और एक चोरी की स्कूटी बरामद हुई। नरेंद्र 20 से ज्यादा मामलों में वांछित है और मंगोलपुरी थाने का बदचरित्र अपराधी है।

निहाल विहार में इंदर दास के पास से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस मिला। वह 10 से अधिक मामलों में शामिल रहा है। नांगलोई पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में मुकेश कुमार, राकेश उर्फ चेला और मनीष उर्फ सचिन को पकड़ा, जिनसे चाकू, चोरी के फोन और वाहन बरामद हुए।

राज पार्क में विनोद उर्फ बैंगा से देशी कट्टा, कारतूस और चोरी की स्कूटी मिली। रनहोला में नीरज उर्फ जाट से चाकू और चोरी की बाइक, पश्चिम विहार वेस्ट में राजन शर्मा से चाकू और सुल्तानपुरी में नितिन उर्फ पर्चा से बटनदार चाकू बरामद किया गया।

डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि सभी मामलों में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत 9 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं। बरामद सामान को केस प्रॉपर्टी के रूप में जब्त कर लिया गया। इन गिरफ्तारियों से चोरी और वाहन चोरी के 11 मामले सॉल्व हो गए। जांच जारी है और अपराधियों के अन्य साथियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More