संपत्ति के लेन-देन के विवाद में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के गांव घोगा में संपत्ति बेचने के कमीशन के विवाद में एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर दी गई। 55 वर्षीय धरमपाल की हत्या उनके पड़ोसी दिनेश कुमार ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर की। आरोपी दिनेश कुमार और उसका साथी भूप सिंह खुद पुलिस थाने पहुंचे और हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।

घटना 3 जनवरी 2026 की है। पुलिस के अनुसार, दिनेश कुमार और भूप सिंह, दोनों घोगा गांव के निवासी, नरेला थाने पहुंचे। दिनेश ने पुलिस को बताया कि उसने धरमपाल (उम्र 55 वर्ष, मकान नंबर 303, गांव घोगा) को अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने तुरंत रिवॉल्वर कब्जे में ले लिया।

दिनेश की निशानदेही पर पुलिस गांव घोगा स्थित उसके ट्यूबवेल के पास पहुंची, जहां धरमपाल का शव बरामद हुआ। शव की गर्दन और नाक से खून बह रहा था। मौके पर ही मृतक के बेटे प्रदीप (उम्र 35 वर्ष) ने पिता के शव की शिनाख्त की। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (एफएसएल) और क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया।

मृतक के बेटे प्रदीप के बयान पर नरेला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) (हत्या) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रदीप ने आरोप लगाया कि संपत्ति बेचने के लेन-देन और कमीशन के विवाद में दिनेश कुमार और भूप सिंह ने उसके पिता की हत्या की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। जांच में हत्या के सटीक कारण और अन्य संभावित कोणों की पड़ताल की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More