संगम विहार में 100 करोड़ के विकास कार्य शुरू, दो नए डीटीसी बस रूटों का भी उद्घाटन

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के संगम विहार में रविवार को विकास की नई बयार बही। भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और स्थानीय विधायक चंदन कुमार चौधरी ने क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। साथ ही, संगम विहार शूटिंग रेंज से दो नए डीटीसी बस रूटों—एक महरौली और दूसरा एम्स तक—का उद्घाटन भी किया गया।

सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि इन विकास कार्यों में सड़कों और नालों का निर्माण, जल बोर्ड की परियोजनाएं, पानी की पाइपलाइन बिछाने, सीवरेज व्यवस्था और जलभराव की समस्या का समाधान शामिल है। इसके अलावा, क्षेत्र की सड़कों और गलियों की मरम्मत पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। एक जनसभा को संबोधित करते हुए बिधूड़ी और विधायक चौधरी ने कहा कि संगम विहार लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा है, जहां लोग मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर थे। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार संगम विहार को दिल्ली का सबसे विकसित और सुंदर क्षेत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

नए डीटीसी बस रूटों की शुरुआत से संगम विहार के लोगों को महरौली और एम्स तक आवागमन में सुविधा होगी। उद्घाटन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष माया बिष्ट, मनोनीत निगम पार्षद और पूर्व जिलाध्यक्ष रोहतास कुमार एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने इन विकास कार्यों को ‘ऐतिहासिक’ बताते हुए सरकार और स्थानीय नेताओं के प्रति आभार जताया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More