संत निरंकारी मिशन को मानव सेवा के लिए विशेष सम्मान, गांधी जयंती पर श्रीनगर में आयोजित हुआ भव्य समारोह

नई दिल्ली: गांधी जयंती के पावन अवसर पर श्रीनगर के इंटरनेशनल होटल में गांधी ग्लोबल फैमिली द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में संत निरंकारी मिशन को मानवता की निःस्वार्थ सेवा के लिए सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता पद्मश्री डॉ. एस.पी. वर्मा ने की, जिसमें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा को विशेष सम्मान से नवाजा। यह सम्मान मिशन की समाज कल्याण, आपदा राहत और मानव सेवा में अनुकरणीय भूमिका के लिए प्रदान किया गया।

सुखीजा ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मिशन के सिद्धांत ‘मानव को मानव हो प्यारा, इक-दूजे का बने सहारा’ को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन, सतगुरु सुदीक्षा महाराज के मार्गदर्शन में विश्वबंधुत्व, एकता और प्रेम का संदेश फैलाने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने सभी को 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक हरियाणा के समालखा में आयोजित होने वाले निरंकारी संत समागम में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में मिशन पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान और आपदा राहत जैसे कार्यों में अग्रणी रहा है। जम्मू-कश्मीर में बाढ़, बादल फटने और ऑपरेशन सिंदूर जैसे संकटकाल में मिशन ने तत्परता से खाद्य सामग्री, दवाइयां और अन्य सहायता पहुंचाकर प्रभावितों की मदद की। इन प्रयासों की सराहना सरकार और समाज दोनों ने की।

शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित समारोह में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मिशन की सेवाओं की प्रशंसा की। सम्मान ग्रहण करते हुए सुखीजा ने कहा, “सतगुरु सुदीक्षा माता के मार्गदर्शन में मिशन मानवता की सेवा को सर्वोपरि मानता है। हमारा हर कार्य प्रेम, शांति और एकता के सिद्धांतों पर आधारित है।”

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More