दिल्ली नगर निगम ने नवरात्र में 310 सफाई कर्मचारियों को दिया नियमितकरण का तोहफा

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने स्वच्छता के सिपाहियों को सम्मान देते हुए 310 सफाई कर्मचारियों को नियमितकरण पत्र सौंपे। सिविक सेंटर में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन प्रवेश वाही, डेम्स समिति अध्यक्ष संदीप कपूर, शिक्षा समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा, निगम आयुक्त अश्वनी कुमार और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “सफाई कर्मचारी दिल्ली की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही यह शहर स्वच्छ और सुरक्षित है। भाजपा सरकार और निगम का संकल्प है कि इन कर्मचारियों को उनका हक और सम्मान मिले।” उन्होंने कहा कि नियमितकरण से कर्मचारियों को नौकरी की स्थिरता, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन का भरोसा मिलेगा। सचदेवा ने जोर देकर कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ है, और इसी के तहत सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने का यह कदम उठाया गया है।

महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने इस अवसर को सफाई कर्मचारियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ नियुक्ति पत्र का वितरण नहीं, बल्कि इन कर्मचारियों की मेहनत को सम्मान देने का प्रयास है। हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली नगर निगम में कोई भी कर्मचारी अस्थायी न रहे।” महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में चरणबद्ध तरीके से सभी अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने का वादा दोहराया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी दिल्ली के ‘स्वच्छता दूत’ हैं, और निगम स्वच्छ भारत मिशन के तहत उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सफाई कर्मचारियों को निगम की रीढ़ बताते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य की रक्षा की। नेता सदन प्रवेश वाही ने कहा, “सफाई कर्मचारी इस शहर के सच्चे प्रहरी हैं। उनका नियमितकरण भाजपा की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो इन कर्मयोगियों को उनका हक दिलाने के लिए है।” डेम्स समिति अध्यक्ष संदीप कपूर ने जोड़ा कि नियमितकरण से कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और स्वास्थ्य सेवाएं जैसे लाभ मिलेंगे।

शिक्षा समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा ने सफाई कर्मचारियों को ‘दिल्ली के योद्धा’ करार देते हुए कहा कि उनकी मेहनत के कारण ही दिल्ली ने कोरोना जैसी महामारी को हराया। उन्होंने कहा कि निगम इन ‘स्वच्छता योद्धाओं’ के कल्याण के लिए लगातार काम कर रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More