सराय रोहिल्ला पुलिस ने दो शातिर झपटमारों को दबोचा; चोरी के 4 मोबाइल और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला की इंद्रलोक चौकी (थाना सराय रोहिल्ला) टीम ने झपटमारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बेहद सक्रिय और आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नावेद उर्फ सुमेर (26 वर्ष) और सद्दाम उर्फ रिजवान (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बाड़ा हिंदू राव इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से झपटे गए चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद की है। इन गिरफ्तारियों से पुलिस ने सराय रोहिल्ला, कीर्ति नगर, करोल बाग और मोती नगर थानों के पांच अलग-अलग मामलों को सुलझा लिया है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 28-29 फरवरी की दरमियानी रात इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति से मोबाइल छीनने की वारदात हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अनिल शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी विकास राणा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी एसआई विपिन शौकीन, कांस्टेबल मंजीत, उमेश और गगन की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और संभावित रास्तों के लगभग 35-40 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि अपराधी बिना नंबर प्लेट की स्कूटी का उपयोग कर रहे हैं और वारदात के बाद केशव पुरम, पंजाबी बाग और मोती नगर होते हुए सदर बाजार की संकरी गलियों में गायब हो गए।

तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने 5 मार्च को मिठाई पुल इलाके में जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को स्कूटी सहित धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से सैमसंग फोल्ड-5 और रेडमी के फोन मिले, जो उन्होंने उसी दिन सुबह कीर्ति नगर और करोल बाग से छीने थे। बाद में उनकी निशानदेही पर सराय रोहिल्ला और मोती नगर से छीने गए दो अन्य मोटोरोला फोन भी उनके घरों से बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए ही स्नैचिंग करते थे। आरोपी नावेद के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में 32 मामले दर्ज हैं, जबकि सद्दाम 22 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। ये दोनों सदर बाजार इलाके के सक्रिय अपराधी हैं। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में छापेमारी कर रही है जिसे ये लोग छीने हुए फोन बेचते थे। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More