‘विपक्ष की बौखलाहट का इलाज करेगी जनता’; केशव प्रसाद मौर्य बोले- 2047 तक देश और प्रदेश में रहेगी हमारी सरकार

राष्ट्रीय जजमेंट

उन्नाव/सोनभद्र : उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को उन्नाव पहुंचे. विकास भवन सभागार में जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ उन्होंने समीक्षा बैठक की. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए.उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का स्पष्ट लक्ष्य सुशासन और विकास है. उन्होंने कहा कि विपक्ष की बौखलाहट का इलाज जनता करेगी. 2047 तक देश और प्रदेश में जनता के आशीर्वाद और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से हमारी ही सरकार रहेगी. केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनता की उम्मीदों पर खरा उतर रही है. बैठक में विशेष रूप से उर्वरक की कमी पर चर्चा हुई और संबंधित विभागों को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.राजस्व संबंधी मामलों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि तहसील, थाना और ब्लॉक स्तर पर यदि अधिकारी जिम्मेदारी से कार्य करें तो अधिकांश समस्याओं का समाधान जमीनी स्तर पर ही संभव है. उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि नीचे की इकाई जब सक्रिय होगी तो जिले में कम समस्या आएगी और जब जिले में कम समस्या होगी तो लखनऊ तक कोई शिकायत नहीं पहुंचेगी.पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी जुबानी हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी परमाणु बम, कभी भूकंप और अब हाइड्रोजन बम जैसी बातें करके अपनी हताशा प्रकट कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह फ्रस्ट्रेशन के शिकार हैं और सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते थे, लेकिन देश की जनता ने गरीब परिवार से आने वाले ओबीसी वर्ग के बेटे नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया है.उन्होंने कहा कि आज देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कांग्रेस का हाजमा खराब हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने संवैधानिक दायित्वों को भी पूरा नहीं करते और देश की जनता उन्हें बारीकी से देख रही है. जब भी चुनाव होंगे, जनता राहुल गांधी को सबक सिखाएगी.भारत-पाकिस्तान मैच विवाद पर दी प्रतिक्रिया : प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि भारतीय सेना ईंट का जवाब पत्थर से देना जानती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत सरकार के स्तर पर निर्णय लिया गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच कोई सीधा द्विपक्षीय मैच नहीं होगा. हालांकि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत जिस देश से भी भिड़ेगा, वहां जीत दर्ज करेगा.’विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है भारत’ : हाल ही में केंद्रीय मंत्री के एक बयान पर डिप्टी सीएम ने संयमित प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि देश एकजुट है और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है. आज भारत 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है. हमारा लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित भारत के रूप में स्थापित करें. उन्होंने आगे कहा कि देश की प्रगति कई वैश्विक शक्तियों को रास नहीं आ रही है, लेकिन जनता सरकार और शीर्ष नेतृत्व के साथ खड़ी है. यही कारण है कि विपक्ष बौखलाया हुआ है. उन्होंने भरोसा जताया कि जनता विपक्ष की बौखलाहट का इलाज लोकतांत्रिक तरीके से करेगी.जिला प्रशासन को सख्त निर्देश : बैठक के निष्कर्ष पर उपमुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि तहसील, थाना और ब्लॉक स्तर के अधिकारी यदि अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं का गंभीरता से समाधान करेंगे तो जनता को जिला मुख्यालय या राजधानी तक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक इकाइयों की जवाबदेही तय होनी चाहिए, तभी जनता को वास्तविक राहत मिल सकेगी.सोनभद्र पहुंचे कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, विपक्ष पर दी प्रतिक्रिया : जिले में उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने दौरा किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक करके सरकारी योजनाओं की समीक्षा की. साथ ही सोनभद्र के विवेकानंद प्रेक्षागृह में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ और मत्स्य विभाग के लाभार्थियों और सरकारी समितियों के लोगों के साथ बैठक की. उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान हम बीजेपी के साथ बिहार में रहेंगे और उन्हें जिताने का भी प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि दिल्ली में निषाद पार्टी के अधिवेशन के दौरान उन्होंने समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ एकजुटता दिखाई है न कि हमने अपनी ताकत दिखाई है. उन्होंने कहा कि असली पीडीए तो भाजपा के ही साथ ही है.आगरा पहुंचे डिप्टी सीएम ने सपा पर बोला जुबानी हमला : यूपी सरकार के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शनिवार दोपहर आगरा पहुंचे. सबसे पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया. मरीजों से इलाज और सुविधाओं को लेकर बातचीत की. इसके बाद समीक्षा बैठक की. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी. गुंडों का बोलबाला था. गुंडे, बदमाश, लुच्चे और लफंगों का बोल बाला रहा. आगरा की सड़कों पर गुंडे आतंक मचाते थे. अब यूपी में योगी सरकार है. अपहरण करने वाले अपराधी जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर चले गए हैं. यूपी में कानून का राज कायम है. 2027 में भी योगी सरकार बंपर जीत के साथ वापसी करेगी.

 

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More