मेरठ : नौचंदी थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने एक कंप्यूटर सेंटर पर छापा मारकर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. सेंटर पर कंप्यूटर ट्रेनिंग और जॉब वर्क सिखाने का बोर्ड लगा था, जबकि अंदर जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा था. पुलिस ने 9 युवतियां और 3 ग्राहकों को हिरासत में लिया है. जबकि सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया गया है.
सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि नई सड़क स्थित कंप्यूटर सेंटर में देह व्यापार चल रहा था. सूचना पर पुलिस पहुंची तो सेंटर के बाहर एफेबल डिजाइन्स कंपनीज नाम से कंप्यूटर सेंटर का बोर्ड लगा था. पुलिस टीम अंदर पहुंची तो वहां देह व्यापार चलता मिला. तुरंत ही कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में लेकर दो गाड़ियों में थाने लाया गया.
स्थानीय लोगों ने की थी शिकायत : सीओ ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियां चलने की शिकायत के बाद ये कार्रवाई की गई है. स्थानीय लोगों ने कंप्यूटर सेंटर में जिस्मफरोशी का धंधा चलने की शिकायत की थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर यहां अनजान युवक युवतियां आते थे, जो कि संदिग्ध लगते थे. मौके से पुलिस ने संदिग्ध सामान और कुछ रजिस्टर आदि भी बरामद किये हैं.
आरोपियों से की जा रही पूछताछ : सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि कंप्यूटर सेंटर के अंदर से 9 युवतियां, 3 ग्राहक और सेंटर मालिक राजबीर सिंह पकड़ा गया है. सभी से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की छानबीन शुरू कर दी गई है.
दो दिन पहले भी पकड़ा गया था रैकेट : बता दें, दो दिन पहले गुरुवार की रात पुलिस ने कबाड़ी बाजार में रेड डाली थी. बंद पड़े कोठों से जिस्मफरोशी का धंधा पकड़ा था. हाईकोर्ट के आदेश पर ये कोठे 2019 में बंद कराए गए थे, लेकिन मुजरे की परमिशन के बाद इन्हें फिर से शुरू कर दिया गया था. कोठा संचालकों ने मुजरा बंद कर फिर से देह व्यापार का कार्य शुरू कर दिया था. वहीं, अब पुलिस की शहर के स्पा, ब्यूटी पार्लर और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर नजरें कड़ी कर दी हैं.
Comments are closed.