आनंद परबत में चाकूबाजी करने वाला फरार आरोपी अजमेर की जादूगर कॉलोनी से धराया

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आनंद परबत थाना टीम ने हत्या की कोशिश के मामले में फरार चल रहे एक शातिर अपराधी 20 वर्षीय हिमांशु नायक को राजस्थान के अजमेर से धर दबोचा। दिसंबर 2024 से फरार यह आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। क्रैक टीम ने गुप्त सूचना और सोशल मीडिया की निगरानी के आधार पर अजमेर की जादूगर कॉलोनी में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया।

मध्य जिला के जिला डीसीपी निधिन वाल्सन ने बताया कि 17 दिसंबर 2024 को आनंद परबत के प्रेम नगर में बीए प्रथम वर्ष के छात्र ने शिकायत दर्ज की थी कि हिमांशु उर्फ रावण ने नशे की हालत में उसके और उसके दोस्तों के साथ गाली-गलौज और झगड़ा किया। हिमांशु के साथ उसके सहयोगी रोशन और हिमांशु नायक भी शामिल थे। झगड़े के बाद चारों आरोपी धमकी देकर चले गए। कुछ देर बाद हिमांशु उर्फ रावण, दीपक, रोशन और हिमांशु नायक वापस लौटे। हिमांशु उर्फ रावण के उकसावे पर दीपक ने शिकायतकर्ता की पीठ में चाकू मारकर हत्या की कोशिश की और चारों मौके से फरार हो गए। घायल छात्र को पहले आचार्य भिक्षु अस्पताल और फिर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डीसीपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आनंद परबत थाने की एक विशेष क्रैक टीम गठित की गई। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर सुभाष चंद्रा, एसएचओ आनंद परबत, ने किया, जिसमें एसीपी पटेल नगर सुनील कुमार की देखरेख में एसआई विनोद, एचसी सुरेश, कांस्टेबल शकबीर और सचिन शामिल थे। टीम ने आपराधिक रिकॉर्ड, गुप्तचरों और सोशल मीडिया निगरानी के जरिए हिमांशु नायक का पता लगाया। 9 सितंबर को अजमेर की जादूगर कॉलोनी में मिली गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की और बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। अपराध में इस्तेमाल चाकू पहले ही बरामद हो चुका है। पुलिस ने हिमांशु उर्फ रावण को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन रोशन और दीपक अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More