दिल्ली में शुरू हुआ एक और आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जनता को मिलेंगी विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं: बिधूड़ी

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में अब जन स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और जल्द ही दिल्लीवासियों को विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया। बिधूड़ी ने यह बात शनिवार को साकेत में एक नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लोकार्पण समारोह के दौरान कही। इस अवसर पर विधायक गजेंद्र यादव, जिला मजिस्ट्रेट लक्ष सिंघल, निगम पार्षद ममता यादव और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

बिधूड़ी ने कहा कि पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार ने अपनी संकीर्ण राजनीति के कारण दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं होने दिया, जिसके चलते दिल्लीवासी 10 वर्षों तक 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा से वंचित रहे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली नई सरकार ने सत्ता में आते ही इस योजना को लागू किया। दिल्ली सरकार ने न केवल केंद्र की आयुष्मान भारत योजना को लागू किया, बल्कि इसमें अपनी ओर से 5 लाख रुपये की अतिरिक्त सुविधा जोड़कर मुफ्त इलाज की सीमा को 10 लाख रुपये तक बढ़ा दिया।

सांसद ने बताया कि अब तक दिल्ली में 4 लाख 37 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, और 3,564 लोग इस कार्ड के माध्यम से मुफ्त इलाज का लाभ उठा चुके हैं। दिल्ली में 1,000 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य केंद्र खोले जा रहे हैं। इसके अलावा, चार अधूरे पड़े अस्पतालों और एक दर्जन से अधिक अन्य अस्पतालों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। बिधूड़ी ने कहा, “इसके चलते दिल्लीवासियों को अब इलाज के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा। हमारा लक्ष्य है कि हर नागरिक को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।”

बिधूड़ी ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने दिल्ली की जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखा। उन्होंने कहा, “आप सरकार की गलत नीतियों के कारण दिल्ली के लोग आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित रहे। लेकिन अब हमारी सरकार इस कमी को तेजी से पूरा कर रही है।”

इस अवसर पर डीएम लक्ष सिंघल ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर और अन्य स्वास्थ्य परियोजनाएं दिल्ली को एक विकसित और स्वस्थ शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। निगम पार्षद ममता यादव ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More