दिल्ली पुलिस ने शालीमार बाग से पांच किन्नर सहित सात अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिला इकाई ने शालीमार बाग क्षेत्र में एक विशेष अभियान के तहत सात अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच किन्नर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से तीन स्मार्ट मोबाइल फोन भी बरामद किए, जिनमें प्रतिबंधित इमो ऐप इंस्टॉल था, जिसका उपयोग ये लोग बांग्लादेश में अपने परिजनों से संपर्क के लिए कर रहे थे।

उत्तर-पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि जिला पुलिस ने शालीमार बाग क्षेत्र में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में एक समर्पित टीम का गठन किया गया। टीम ने मुख्य मार्गों, आंतरिक गलियों, आवासीय क्षेत्रों और ट्रैफिक चौराहों पर सघन जांच की। इस दौरान पांच किन्नर संदिग्ध परिस्थितियों में भीख मांगते पाए गए। पूछताछ में उनकी भारतीय नागरिकता संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। इसके अतिरिक्त, 30 जून की रात और सुबह के समय एक वयस्क पुरुष और एक महिला को भी पकड़ा गया। गिरफ्तार व्यक्तियों में सुहान खान नाम का एक व्यक्ति भी शामिल है, जिसे बीती 15 मई को भारत से निर्वासित किया गया था। सुहान ने दोबारा अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया, लेकिन दिल्ली पुलिस की फॉरेनर्स सेल ने 30 जून को उसे फिर से धर दबोचा।

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान शाजिब उर्फ रुपोशी (31 वर्ष), मुनमुन (41 वर्ष), फैसल उर्फ जुनकी (19 वर्ष), सुहान खान (30 वर्ष), फरीदा खातून (40 वर्ष), तस्लीमा (50 वर्ष) और कुर्बान अली (26 वर्ष) के रूप में हुई। जांच में पुष्टि हुई कि ये सभी बिना वैध यात्रा दस्तावेज, वीजा या अनुमति के भारत में अवैध रूप से रह रहे थे, जो विदेशी नागरिक अधिनियम, 1946 और अन्य आप्रवासन नियमों का उल्लंघन है। पुलिस ने इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की है और इन्हें निर्वासित करने की प्रक्रिया चल रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More