बीजेपी की हार मेरे लिए बेहद दुखद, झारखंड के चुनावी नतीजों पर छलका हिमंत बिस्वा सरमा का दर्द

राष्ट्रीय जजमेंट

असम के मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पार्टी की हार उनके लिए बहुत दुखद है। सरमा ने झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को प्रभावशाली जीत हासिल करने के लिए बधाई दी और कहा कि उन्हें विश्वास है कि सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने एक्स पर लिखा कि झारखंड में हार मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत दुखद है, भले ही हमने असम में सभी पांच उपचुनावों में जीत हासिल की। मैंने झारखंड में हमारे कार्यकर्ताओं के अटूट समर्पण और अथक प्रयासों को देखा है, जिन्होंने इस चुनाव में अपना सब कुछ झोंक दिया।

सरमा ने कहा कि भाजपा ने राज्य को घुसपैठ से बचाने और छात्रों और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए इसे विकास के पथ पर ले जाने की दृष्टि से चुनाव लड़ा। हालांकि, हमें विनम्रतापूर्वक लोगों के जनादेश को स्वीकार करना चाहिए, क्योंकि यही लोकतंत्र का असली सार है। इस चुनौतीपूर्ण समय में, हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे, उन्हें अटूट समर्थन और एकजुटता प्रदान करेंगे। एक अन्य पोस्ट में सरमा ने कहा, ‘जेएमएम और उसके सहयोगियों ने झारखंड में शानदार जीत हासिल की है। इस उपलब्धि पर हेमंत सोरेन और उनकी पूरी टीम को मेरी हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में झारखंड प्रगति और विकास के पथ पर अग्रसर होगा।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के शानदार प्रदर्शन के लिए शनिवार को राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि पार्टी लोकतंत्र की परीक्षा में सफल रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन का गठबंधन निर्णायक जीत की ओर अग्रसर है। उसने 31 सीट जीत ली हैं और 24 अन्य पर आगे है। सोरेन ने बरहैट सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गमलियल हेम्ब्रम को 39,791 मतों के अंतर से हराया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More