नायब सैनी ने भव्य समारोह में हरियाणा  सीएम पद की शपथ ली, पीएम मोदी  समेत एनडीए  के दिग्गज नेता रहे मौजूद

राष्ट्रीय जजमेंट

नायब सिंह सैनी ने आज दूसरी बार हरियाणा की कमान संभाल ली। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने पंचकूला में आयोजित भव्य समारोह में नायब सिंह सैनी और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई। सैनी मंत्रिमंडल में शामिल किये गये लोगों की बात करें तो आपको बता दें कि इनमें सबसे पहला नाम अनिल विज का है। इसके अलावा गौरव गौतम, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह, राणा कृष्ण बेदी, श्रुति चौधरी, कृष्ण लाल पवार, राव नरवीर सिंह, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल और आरती राव का नाम शामिल है।
हम आपको यह भी बता दें कि शपथ समारोह से कुछ घंटे पहले सैनी वाल्मीकि भवन गए और उन्होंने पंचकूला स्थित गुरुद्वारे एवं मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा की नयी सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को तीव्र गति से आगे ले जाने की दिशा में काम करेगी। सैनी ने विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कहा कि हरियाणा की जनता ने मोदी सरकार की नीतियों में विश्वास दिखाया है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र को पूरी तरह लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे 2014 के संकल्प पत्र और 2019 के संकल्प पत्र को देखें, हमने उन्हें पूरी तरह से लागू किया और अब हमारी सरकार इस संकल्प पत्र को भी लागू करेगी।’’हम आपको यह भी बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री तथा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शामिल हुए। यह एक तरह से एनडीए का शक्ति प्रदर्शन भी था। हरियाणा में लगातार तीसरी जीत हासिल कर भाजपा ने इतिहास रचा है इसीलिए एनडीए नेताओं का भी जोश देखते ही बन रहा है। सुबह चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर भाजपा और एनडीए नेताओं ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका पूरे विश्व में बज रहा है और विपक्षी गठबंधन खासकर कांग्रेस का सारा जोश अब उतर चुका है।हम आपको यह भी बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री आज चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित एक सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन में विकास के मुद्दों, संविधान के ‘अमृत महोत्सव’ और आपातकाल के संदर्भ में लोकतंत्र की ‘हत्या की कोशिश’ के 50 साल पूरे होने पर चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसे हरियाणा विधानसभा चुनावों में भाजपा की उल्लेखनीय जीत के बाद विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर सत्तारुढ़ गठबंधन के नए हमले के रूप में देखा जा रहा है।इस कार्यक्रम का एक व्यवस्थित एजेंडा होगा जिसमें राष्ट्रीय विकास के मुद्दे शामिल होंगे। इसमें संविधान का अमृत महोत्सव मनाने और लोकतंत्र की हत्या के प्रयास की 50वीं वर्षगांठ जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो भी चर्चा का नेतृत्व करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नए कार्यकाल के लिए शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद सम्मेलन शुरू होगा। बयान में कहा गया कि भाजपा के 13 मुख्यमंत्री और 16 उपमुख्यमंत्री हैं जबकि महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, बिहार, सिक्किम, नगालैंड और मेघालय के मुख्यमंत्री सहयोगी दलों से हैं। पिछले कई वर्षों में इस तरह का राजग मुख्यमंत्रियों का यह पहला सम्मेलन होगा।हम आपको बता दें कि महाराष्ट्र और झारखंड में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले हरियाणा में मिली जीत से भाजपा उत्साहित है। वह अपने सहयोगियों को साथ लेकर विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। दोनों राज्यों में राजग का मुकाबला ‘इंडिया’ गठबंधन से है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More