केमिकल कारोबारी की हत्या कर लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

400

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

 

आगरा: ताजनगरी आगरा के विजय नगर पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर सुल्तानगंज में सोमवार की दोपहर बदमाशों ने घर में केमिकल कारोबारी दिलीप गुप्ता (64) की पीटकर हत्या और लूटपाट की।

एक बदमाश की पहचान कारोबारी के नौकर के रूप में की गई है। कारोबारी की हत्या के बाद मालकिन लता को डराकर अलमारी की चाबी मांगने के लिए दूसरी मंजिल पर पहुंच गया। चाबी देने से मना करने पर उन पर भी हमला कर दिया। लता ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार शोर मचाकर न केवल अपनी जान बचाई बल्कि बदमाशों को भागने पर मजबूर कर दिया। हालांकि बदमाश नकदी व जेवरात समेट ले गए।

कारोबारी के बेटे सुमित ने पुलिस को बताया कि वारदात में शामिल नौकर लोकेश ताजगंज क्षेत्र का रहने वाला है। चार साल पहले नौकरी करने आया था। उसने अपनी मजबूरी बताई थी, तब पिता ने दरियादिली दिखाते हुए उसे काम पर रख लिया।

उसके काम को देखकर कभी कभार घर भी बुला लिया जाता था। घर आने-जाने के कारण उसे पता चल गया था कि मां लता घर में अकेली रहती हैं। लोकेश कई बार नौकरी भी छोड़कर जा चुका था। वापस आकर काम करने लगता था। इससे काम पर रख लेते थे। तीन महीने पहले भी नौकरी छोड़कर चला गया था। दो दिन पहले फिर से दुकान पर आया। काम मांगा। पिता ने मजबूरी बताने पर काम पर रख लिया।

सोमवार को काम पर नहीं आया। सुबह 10 बजे छोटे भाई रजत को कॉल किया था। काम पर आने की कह रहा था। मगर, आया नहीं।
सुमित ने बताया कि पिता भी रोजाना दुकान पर बैैठा करते थे। मगर, सोमवार दोपहर को अचानक घर आ गए थे। पुलिस का अनुमान है कि नौकर ने पहले रेकी की। उसे उम्मीद थी कि कारोबारी दुकान पर होंगे। घर में मालकिन अकेली मिल जाएंगी। वारदात के लिए दोपहर का समय चुना। मगर, कारोबारी घर में ही मिल गए। इस पर उनकी हत्या कर दी।

ये है पूरा मामला

सुल्तानगंज निवासी दिलीप गुप्ता की रावतपाड़ा में एलडीआर नाम से फर्म है। मुख्य मार्ग से 50 मीटर अंदर तीन मंजिला मकान है। बेसमेंट में गोदाम है। दूसरी मंजिल पर परिवार रहता है। दोपहर में 2 बजे घर में दिलीप और पत्नी लता गुप्ता मौजूद थीं। छोटा बेटा रजत दुकान पर था जबकि सुमित बाजार गया था।

दोपहर में उनका नौकर लोकेश घर आया। दिलीप से दरवाजा खुलवाया। नौकर के अंदर आते ही तीन बदमाश और आ गए। दिलीप को पीटते हुए गोदाम में ले गए। रस्सी और कपड़े से हाथ-पैर बांध दिए। पत्नी लता ने पुलिस को बताया कि लोकेश दूसरी मंजिल पर उनके पास आया। बोला कि बदमाश घुस आए हैं। मालिक को पीट रहे हैं। अलमारी की चाबी दे दो।

उन्होंने मना किया। इस पर उसने हमला बोल दिया। सिर और हाथ पर डंडे मारे। नौकर ने अलमारी से नकदी और जेवरात समेट लिए। बेसमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। डीवीआर ले जाने की कोशिश की। शोर मचाने पर पड़ोसी आ गए। बदमाशों का पीछा किया।

मुख्य मार्ग पर बदमाशों की दो बाइकें खड़ी थीं। बदमाश उस पर बैठकर पुलिस चौकी के सामने से निकल गए। लोगों ने बताया कि दो पुलिसकर्मी चौकी पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कोई प्रयास नहीं किया।
वारदात के बाद पुलिस चौकी से दरोगा और सिपाही पहुंचे। घायल दिलीप और लता को हाईवे के सर्विस रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। दिलीप गुप्ता को मृत घोषित कर दिया गया। लता को आईसीयू में भर्ती किया। उनके हाथ में फ्रैक्चर, माथे पर चोट है। घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में व्यापारी भी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस चौकी पास वारदात होने पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
बेटे की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए डीसीपी सिटी सूरज राय ने टीम को लगाया।
मंगलवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में राजू कुशवाहा नाम का आरोपी गिरफ्तार किया गया है। हरीपर्वत के टीपी नगर क्षेत्र में हुई थाना हरीपर्वत पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद घायल अवस्था में घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी से नगदी घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और तमंचा बरामद किया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More