फर्जी मार्कशीट बनाने वाले गिरोह के भंडाफोड़ एसटीएफ ने चार लोग गिरफ्तार किए

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

आगरा:एसटीएफ आगरा यूनिट ने फर्जी अंकतालिका बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना ताजगंज में धेाखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।

गिरोह का सरगना कोरे अंकपत्र अलग-अलग राज्य के विश्वविद्यालय के कर्मचारियों की मदद से निकलवा लेता था। उन पर कंप्यूटर की मदद से कलर प्रिंटर से अंक चढ़ाकर, मुहर लगाकर देता था।

 

उसके अंकतालिका तैयार करने की जानकारी पर एसटीएफ की टीम को लगाया गया। बृहस्पतिवार को नेकराम, विश्वविद्यालय के कर्मचारी अर्जुन से खाली अंकतालिकाएं लेने आया था। टीम ने दोनों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर दो और को देवरी रोड स्थित रचना पैलेस से गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरोह के सदस्य 25-30 हजार रुपये में डाॅ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा, जेएस विश्वविद्यालय शिकोहाबाद, अग्रसेन यूनिवर्सिटी, ग्लोकल यूनिवर्सिटी सहारनपुर, मोनार्ड यूनिवर्सिटी हापुड़, हिमालयन गढ़वाल यूनिवर्सिटी उत्तराखंड, एफएस विश्वविद्यालय फिरोजाबाद, कलिंगा यूनिवर्सिटी झारखंड, सिक्किम बोर्ड, जामिया विश्वविद्यालय, सीबीएसई व यूपी बोर्ड की फर्जी अंकतालिकाएं बनाकर देते थे। उनसे 221 फर्जी अंकतालिका, मुहरें और होलोग्राम बरामद किए गए हैं


एसटीएफ सीओ उदय प्रताप सिंह ने बताया कि ताजगंज स्थित देवरी रोड निवासी नेकराम गिरोह का सरगना है। नेकराम सैंया के तेहरा में सावित्री देवी इंटर काॅलेज का मालिक है। इसके अलावा डाॅ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का कर्मचारी खंदारी निवासी अर्जुन, शिकोहाबाद की जेएस यूनिवर्सिटी का टेक्निकल बाबू बल्केश्वर निवासी मोहित गुप्ता, और मधु नगर निवासी पंकज शर्मा गिरफ्तार किए गए हैं।

आरोपियों से 32 अंक पत्र भरे हुए, कोरे 189, यूपी बोर्ड और डाॅ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के 349 होलोग्राम, 3 लैपटॉप, 1 कंप्यूटर सिस्टम, 3 प्रिंटर, 87 मुहरें, 10 खाली मुहर, 5 मोबाइल, एक कार, 15500 रुपये बरामद किए गए हैं।
2007 में लोहामंडी पुलिस ने गिरोह के सरगना नेकराम को फर्जी अंकतालिका तैयार करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More