पंजाब/बरनाला। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बरनाला से पंजाब में पार्टी के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरूआत की।
यहां अनाज मंडी में रैली में केजरीवाल ने पार्टी छोड़ चुके नेताओं को लालची बताते हुए कहा कि जिन्हें जाना था, वो चले गए। अब पार्टी की मजबूती को कोई खतरा नहीं। उन्होंने ऐलान किया कि पंजाब में उन्हें किसी के सहारे की जरूरत नहीं है। पार्टी सभी 13 सीटों पर अकेले अपने दम पर ही चुनाव लड़ेगी।
पिछले करीब डेढ़ साल से चल रही खींचतान और पार्टी की टूट के बाद अरविंद केजरीवाल ने आज पहली बार पंजाब में कोई रैली की है। इससे पहले केजरीवाल ठीकरीवाल में शहीदी समागम में भी शामिल हुए।
बाद बरनाला की रैली में पहुंचे, जहां दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आप के पंजाब प्रभारी मनीष सिसौदिया, सांसद भगवंत मान सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। केजरीवाल ने सुखपाल खैहरा पर निशाना कसते हुए कहा कि कुछ लालची नेता पार्टी काे नुकसान पहुंचा रहे थे।
उनके चले जाने से पार्टी और मजबूत होगी। आप में किसी नेता के व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए कोई स्थान नहीं है। जनता और पार्टी की जगह किसी नेता के व्यक्तिगत स्वार्थ को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
इस दौरान केजरीवाल ने भाजपा पर भी खूब हमले किए। उन्होंने कहा कि भाजपा देश को जाति धर्म के नाम पर बांट रही है। सभी वर्ग के लोग भाजपा की सरकार से दुखी हैं और छले जाने का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में अपनी सरकार के कार्यों के जमकर बखान किया। उन्होंने कहा, पंजाब में दिल्ली मॉडल काे लेकर चुनाव लड़ेंगे।
केजरीवाल बरनाला रैली में शिरकत करने के लिए शताब्दी एक्सप्रेस से संगरूर पहुंचे। यहां से वह बरनाला के लिए रवाना हुए, लेकिन इससे पहले मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता पहले शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन से दुखी थी,
वहीं अब कांग्रेस की सरकार ने भी अपना कोई वादा पूरा नहीं किया। लोगों से झूठे वादे करके कांग्रेस ने सत्ता हासिल की व अब पंजाब की जनता से धोखा किया। हमने दिल्ली में जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी ने अच्छे-अच्छे काम किए हैं,
उसी की तरह पंजाब की भी तस्वीर बदलने के लिए आम आदमी पार्टी के पास दूरदर्शी सोच है। दिल्ली के विकास मॉडल को लेकर ही आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव के दौरान पंजाब में उतरेगी।
2014 के लोकसभा चुनाव में यह थी पंजाब की तस्वीर
पार्टी |
लोकसभा सीटें |
भाजपा |
2 |
कांग्रेस |
3 |
शिरोमणि अकाली दल |
4 |
आम आदमी पार्टी |
4 |
कुल |
13 |