आगरा से बेटी के प्रेमी को अगवा कर ले गई मां, गिरफ्तार

आगरा के शाहगंज का एक युवक प्रेम संबंध में दिल्ली की युवती को आगरा ले आया। शुक्रवार को युवती की मां अपने पड़ोसी दंपती के साथ आई और बेटी व उसके प्रेमी को कार में अगवा कर ले गई। सूचना पर पुलिस पीछे लग गई और 24 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को पकड़कर युवक को छुड़ा लिया। आरोप है कि युवक को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

जानकारी के अनुसार शाहगंज का मोहर सिंह दिल्ली में जूते की फैक्टरी में काम करता था। किराये के मकान में रहता था। एक साल पहले पड़ोस में रहने वाली युवती से उसकी दोस्ती हो गई। प्रेम संबंध में 27 जून को मोहर सिंह युवती को अपने साथ आगरा ले आया। दोनों शादी करना चाहते थे। मोहर सिंह की बहन रामनगर पुलिया क्षेत्र में रहती हैं।

मोहर सिंह युवती के साथ अपनी बहन के घर रहने लगा। उधर, युवती के परिजन बेटी की तलाश में लगे थे। उन्हें बेटी के आगरा में होने की जानकारी मिली। शुक्रवार शाम को वह मोहर सिंह की बहन के घर आ पहुंचे। आरोप है कि युवती की मां लक्ष्मी अपने पड़ोसी मंगल सिंह और उसकी पत्नी ममता के साथ आई थीं। उन्होंने बेटी और उसके प्रेमी को पकड़ लिया। इसके बाद कार में दोनों को उठा ले गए। भीड़ जुट गई। आरोप है कि तीनों मोहर सिंह की हत्या की धमकी दे रहे थे।

जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने कार का पीछा किया। आरोपी हाईवे पर मथुरा होते हुए दिल्ली की तरफ गए थे। पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों को मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में पकड़ लिया। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि मोहर सिंह की मां मीना देवी की तहरीर पर अपहरण और जान से मारने की धमकी में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों मंगल, ममता और लक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपियों ने बेटी को एक रिश्तेदार के घर छोड़ दिया था। मोहर सिंह को अपने साथ लेकर कहीं जा रहे थे। आशंका है कि मोहर सिंह के साथ वो वारदात करने वाले थे। अब युवती को बरामद करने का प्रयास पुलिस कर रही है।

पुलिस की पूछताछ में लक्ष्मी और अन्य ने बताया कि बेटी को मोहर सिंह अपने साथ ले आया था। इससे समाज में बेइज्जती हो रही थी। उन्होंने दिल्ली पुलिस को सूचना नहीं दी। वह खुद ही बेटी की तलाश में लग गए। वह मोहर सिंह को ठिकाने लगाने वाले थे। मगर, पकड़ लिए गए।

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज आगरा

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More