पड़ोसी ने सफाई कर्मी को मारा चाकू, मौत

वाराणसी के अकथा क्षेत्र के सत्संग नगर के समीप स्थित कांशीराम आवास में रहने वाले नगर निगम के संविदा सफाई कर्मी राजा बाबू (26) को चाकू मार कर पड़ोसी ने हत्या कर दी। वहीं, जानलेवा हमले में राजा बाबू की पत्नी रूबी (24) गंभीर रूप से घायल है और मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराई गई है। पुलिस के अनुसार सबमर्सिबल पंप बनवाने के लिए 25 रुपए का चंदा देने के विवाद में पड़ोसी सफाई कर्मी राजेश ने दंपति पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किया था। पुलिस आरोपी राजेश की तलाश कर रही है।
शराब पीकर आया और उलझ गया
सारनाथ थाना अंतर्गत अकथा क्षेत्र के सत्संग नगर के समीप स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि हम लोग जिस सबमर्सिबल पंप से पानी भरते हैं वह खराब हो गया था। आपस में सभी ने चंदा जुटाकर पंप की मरम्मत कराई थी। राजा बाबू ने राजेश को भी 25 रुपए या जो भी हो सके वह देने को कहा था। राजेश रविवार की देर रात शराब पीकर आया तो राजा बाबू और रूबी ने कहा कि चंदे का पैसा दे दो। इसी बात को लेकर पति-पत्नी से राजेश उलझ गया।
कहासुनी के दौरान ही राजेश ने दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। चीख-पुकार सुन कर जब तक लोग इकट्‌ठा होते तब तक राजेश भाग निकला था। अस्पताल ले जाने पर राजा बाबू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल रूबी का उपचार जारी है। पड़ोसियों ने बताया कि राजा बाबू के दो बच्चे हैं और दोनों उन्हीं लोगों के पास हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More