कानपुर एनकाउंटर : विकास दुबे की पत्नी का सच आया सामने, साक्ष्य जुटाने मे लगी पुलिस

0
विकास दुबे के काले कारनामों की जानकारी उसकी पत्नी रिचा दुबे को भी है। इसलिए वह बच्चों के साथ लखनऊ में अलग रहती थी ताकि उसे या बच्चों पर कोई आंच न आए। हालांकि पर्दे के पीछे रहकर वह विकास का साथ देती थी। जब भी पुलिस विकास को घर से गिरफ्तार करती, पत्नी सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल कर देती।
 ऐसा वह एनकाउंटर के डर से करती थी। पुलिस को इस संबंध में कई साक्ष्य मिले हैं। रिचा भी अब पुलिस के रडार पर है। रिचा दुबे जिला पंचायत सदस्य है। राजनीति में उसका दबदबा सिर्फ विकास के दम पर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह विकास के अपराधों पर पर्दा डालती आई है। विकास कहां और किस घटना में शामिल है उसे पता रहता था।
 शक है कि राजनीति में आगे बढ़ने के लिए रिचा पति विकास का साथ देती थी। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि बिकरू वाले घर में लगे कैमरे रिचा ने अपने मोबाइल से कनेक्ट कर रखे हैं। यहां की हर गतिविधि पर वो लखनऊ से नजर रखती थी। जब भी पुलिस घर से पकड़ती वह फुटेज वायरल कर देती थी। पुलिस इन सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है।
पत्नी के नाम अकूत संपत्ति
पुलिस अब विकास और उसके परिवार वालों की संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक विकास की अधिकतर संपत्ति, घर, फ्लैट समेत अन्य जायदाद पत्नी के नाम है। ये संपत्ति कई करोड़ की है। पुलिस प्रशासन मिलकर इसका पूरा लेखाजोखा जुटा रहा है।
विकास की बदमाशी से यहां तक पहुंची
विकास पहले जिला पंचायत सदस्य रह चुका है। अब उसकी पत्नी सपा से जिला पंचायत सदस्य है। भविष्य में वह पत्नी को ब्लॉक प्रमुख बनाने का ख्वाब देख रहा था। इसके लिए वो तैयारियां भी कर रहा था। नेताओं तक विकास की पहुंच है। वहीं दर्जनों गांव के लोगों पर भी उसकी कमान है। विकास के दम पर रिचा राजनीति में यहां तक पहुंची।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More