बिंदापुर थाना पुलिस ने दबोचे दो शातिर झपटमार; दो मोटरसाइकिल व 3 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले की बिंदापुर थाना पुलिस टीम ने स्ट्रीट क्राइम, वाहन चोरी और झपटमारी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की ‘क्रैक टीम’ ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके में एक्टिव दो बेहद शातिर और आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अली आज़ाद खान उर्फ संजू उर्फ टखला (23) और मोहम्मद आलीशान (22) के रूप में हुई है, जो दोनों मंगोलपुरी, दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से चोरी की 2 मोटरसाइकिलें और विभिन्न इलाकों से छीने गए 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस प्रभावी कार्रवाई से पुलिस ने बिंदापुर, पश्चिम विहार वेस्ट और मौर्य एन्क्लेव सहित दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी व झपटमारी के 8 मामलों का सफल खुलासा किया है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि जिला क्षेत्र में अपराधियों और झपटमारों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए सभी थानों को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में डाबरी सब-डिवाइजन के एसीपी संजीव कुमार के पर्यवेक्षण और बिंदापुर के एसएचओ इंस्पेक्टर नरेश सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नीरज, कांस्टेबल राजेश डागर, आशीष और राहुल की एक समर्पित क्रैक टीम का गठन किया गया था।

11 मई को यह विशेष टीम इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्धों पर नजर रखने के लिए पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर दो लड़कों को आते देखा, जिस पर आगे-पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। संदेह होने पर मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी करके बाइक को रुकवाया और सवार युवकों से वाहन के वैध दस्तावेज दिखाने को कहा। दोनों युवक बाइक के कोई कागजात पेश नहीं कर सके और न ही मालिकाना हक को लेकर कोई संतोषजनक जवाब दे पाए।

संदेह पक्का होने पर जब नए कानूनी नियमों के तहत उनकी जामा-तलाशी ली गई, तो बाइक चला रहे युवक की जेब से एक चोरी का मोबाइल और पीछे बैठे युवक के पास से दो अन्य मोबाइल फोन बरामद हुए। इन मोबाइलों के बारे में भी वे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और गाड़ी व मोबाइलों को जब्त कर लिया।

थाने लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ और कस्टडी के दौरान दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे बेहद गंभीर नशे के आदी हैं और अपनी इसी लत को पूरा करने के लिए वे दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में झपटमारी और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी अली आज़ाद उर्फ टखला ने एक और खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल को मंगोलपुरी इलाके में छुपा कर पार्क किया हुआ है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मंगोलपुरी से वह बाइक भी बरामद कर ली, जो पश्चिम विहार वेस्ट थाने के अंतर्गत चोरी की गई थी।

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर मुख्य आरोपी अली आज़ाद खान उर्फ टखला का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है, वह पहले से ही रॉबरी, स्नैचिंग और चोरी के 9 से अधिक संगीन मामलों में शामिल रह चुका है। वहीं उसका दूसरा साथी मोहम्मद आलीशान भी पहले चोरी के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर माननीय अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। बिंदापुर थाना पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह ने द्वारका और बाहरी दिल्ली के इलाकों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More