मधु विहार थाना पुलिस ने झपटमार गिरोह का किया भंडाफोड़, चार लुटेरे गिरफ्तार, बाइक व चोरी के मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के ईस्ट जिले की मधु विहार थाना पुलिस टीम ने स्ट्रीट क्राइम, झपटमारी और चोरी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी और पेशेवर तफ्तीश का परिचय देते हुए इलाके में सक्रिय एक बेहद शातिर झपटमार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान गिरोह के चार मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो आरोपी कल्याणपुरी थाने के घोषित बैड कैरेक्टर हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ अतुल (26), राजेश उर्फ राजे (24), राज कुमार उर्फ शेट्टी (39) और राम प्रकाश उर्फ अनिल (29) के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी खिचड़ीपुर, दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर गाजीपुर गोल चक्कर (खिचड़ीपुर) के पास घेराबंदी करके इन्हें दबोचा। इनके कब्जे और निशानदेही से वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक बिना पूरी नंबर प्लेट वाली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और विभिन्न इलाकों से लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस प्रभावी कार्रवाई से मधु विहार थाने में दर्ज झपटमारी और चोरी के कई मामलों का सफल खुलासा हुआ है।

ईस्ट जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 15 मई को हसनपुर के टेल्को टी-पॉइंट के पास रात के करीब तीन बजे एक राहगीर से मोबाइल झपटमारी की वारदात सामने आई थी। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर मधु विहार थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी। स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए मधु विहार सब-डिवाइजन के एसीपी तिलक चंद्र बिष्ट के करीबी निरीक्षण और मधु विहार के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश विजय वर्गीस के नेतृत्व में एक विशेष क्रैक टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल सचिन त्यागी, अरुण और नीरज शामिल थे।

जांच टीम ने बिना समय गंवाए घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार कड़ियों को जोड़ने और मैन्युअल इंटेलिजेंस विकसित करने के बाद पुलिस टीम को आरोपियों के मूवमेंट पैटर्न का पता चला। इसी बीच हेड कांस्टेबल सचिन त्यागी को एक सटीक गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी गाजीपुर गोल चक्कर के पास किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर चारों आरोपियों को सफलतापूर्वक धर दबोचा।

थाने लाकर की गई गहन पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने हसनपुर में की गई झपटमारी की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो मोबाइल फोन बरामद किया। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर आरोपियों का डरावना आपराधिक इतिहास सामने आया। आरोपी राज कुमार उर्फ शेट्टी कल्याणपुरी थाने का घोषित बैड कैरेक्टर है और दिल्ली के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ लूट, चोरी और झपटमारी के 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी तरह चौथा आरोपी राम प्रकाश उर्फ अनिल भी कल्याणपुरी थाने का बीसी है और वह 8 अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। मुख्य आरोपी विशाल उर्फ अतुल भी पहले 2 मामलों में शामिल रहा है।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि ये सभी आरोपी मजदूरी का काम करते हैं और बेहद गंभीर नशा के आदी हैं। नशे के महंगे खर्चों और अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए इन्होंने एक सिंडिकेट बना लिया था और देर रात या तड़के सुनसान सड़कों पर राहगीरों से मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है। मधु विहार थाना पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह ने पूर्वी दिल्ली में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More