गोविंदपुरी मां-बेटे हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, भागने के प्रयास में पैर में लगी गोली

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में वीरवार तड़के हुए दिल दहला देने वाले सनसनीखेज मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड को दिल्ली पुलिस ने बेहद मुस्तैदी दिखाते हुए चौबीस घंटे के भीतर सुलझा लिया है। दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी सौरभ को दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। लूटपाट का विरोध करने पर सातवीं कक्षा के छात्र और उसकी मां की बेरहमी से हत्या करने वाला आरोपी ने घाटी पार्क इलाके में खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ और जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने उसके पास से हथियार बरामद किए हैं और उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।

वीरवार तड़के करीब एक बजकर ग्यारह मिनट पर गोविंदपुरी थाना पुलिस को गली नंबर 10 में एक मकान के भीतर कत्ल होने की सूचना मिली थी। साप्ताहिक बाजारों में फल और सब्जी बेचने वाले विष्णु साहू जब देर रात करीब साढ़े बारह बजे अपने घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी थी। कुंडी खोलकर अंदर जाते ही उनके होश उड़ गए। कमरे के भीतर उनकी 38 वर्षीय पत्नी शारदा साहू और सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय मासूम बेटे की खून से लथपथ लाशें पड़ी थीं। दोनों को चाकुओं से बेरहमी से गोदा गया था और घर की अलमारी से भारी नकदी व जेवरात गायब थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी, एसीपी और जिला डीसीपी समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंच गए थे।

लूटपाट के इरादे से किए गए इस दोहरे हत्याकांड के बाद अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले की कई विशेष टीमों को काम पर लगाया गया था। इसी कड़ी में साउथ ईस्ट जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम को इंस्पेक्टर विष्णु दत्त तिवारी के नेतृत्व में एक पुख्ता सूचना मिली कि इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य आरोपी सौरभ इलाके के घाटी पार्क के पास मौजूद है और वहां बैठकर नशा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए योजनाबद्ध तरीके से पूरे पार्क और उसके आसपास के रास्तों की घेराबंदी कर दी।

पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख आरोपी सौरभ ने आत्मसमर्पण करने के बजाय भागने का प्रयास किया। जब पुलिस कर्मियों ने उसे सरेंडर करने को कहा, तो उसने अपने पास मौजूद अवैध हथियार से पुलिस पार्टी पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। शातिर बदमाश ने पुलिस को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक कुल चार राउंड फायर किए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस कर्मी बाल-बाल बचे। इसके बाद पुलिस टीम ने भी अदम्य साहस का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सीधे बदमाश सौरभ के पैर में जाकर लगी, जिससे वह लंगड़ाकर जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

डीसीपी दक्षिण पूर्वी जिला हेमंत तिवारी ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का है और उसने लूट का विरोध करने पर मां-बेटे की बेरहमी से हत्या दी। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भिजवाया है, जहां उसकी हालत नियंत्रण में है। इस घटना के बाद गोविंदपुरी थाने में आर्म्स एक्ट और पुलिस पर हमला करने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि घर से लूटी गई पूरी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जा सकें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More