गुरुद्वारे से लौट रही महिला से स्नैचिंग, लोगों ने दबोचा यूपी का शातिर लुटेरा, एयरगन और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के विवेक विहार थाना इलाके में जनता की बहादुरी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्नैचिंग की एक बड़ी वारदात को नाकाम करते हुए एक शातिर लुटेरे को दबोच लिया गया है। गुरुद्वारे से माथा टेककर लौट रही एक महिला का मोबाइल छीनकर भाग रहे स्कूटी सवार बदमाशों को पीड़ित महिला और मोटरसाइकिल सवार राहगीरों ने पीछा करके घेरा, जिसमें एक आरोपी पकड़ा गया जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने छीना हुआ मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, एक एयरगन और एक धारदार चाकू बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी और झपटमारी के छह मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवेक विहार के जनता क्वार्टर की रहने वाली 34 वर्षीय चेतना मदान मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे सी-ब्लॉक स्थित गुरुद्वारे में माथा टेकने गई थीं। जब वह पैदल ही आईटीआई विवेक विहार की तरफ लौट रही थीं और फोन पर अपने भाई से बात कर रही थीं, तभी पीछे से स्कूटी पर सवार दो युवक आए। स्कूटी पर पीछे बैठे लड़के ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन छीन लिया और दोनों आईटीआई अंडरपास की तरफ भागने लगे। चेतना ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाते हुए बदमाशों के पीछे दौड़ लगा दी।

महिला की आवाज सुनकर सड़क पर मौजूद कुछ मोटरसाइकिल सवार लोग भी बदमाशों के पीछे लग गए। पीछा कर रहे एक साहसी बाइक सवार ने अपनी मोटरसाइकिल आगे अड़ाकर बदमाशों की एक्टिवा स्कूटी को इंटरसेप्ट कर लिया। खुद को घिरता देख स्कूटी पर पीछे बैठा बदमाश तो मौके से भाग निकला, लेकिन स्कूटी चला रहे आरोपी को जनता ने मौके पर ही दबोच लिया। इसी बीच सूचना मिलते ही विवेक विहार थाने के आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात एएसआई सुरेश पाल सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। मौके पर ही तलाशी के दौरान उसकी जेब से महिला का छीना हुआ मोबाइल फोन बरामद हो गया।

थाने लाकर की गई पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी 22 वर्षीय अल्ताफ उर्फ मोहम्मद हर्ष के रूप में की है। पुलिस ने जब वारदात में इस्तेमाल की गई दिल्ली नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी की जांच की, तो उसमें से एक एयरगन और एक चाकू बरामद हुआ, जिसका इस्तेमाल ये बदमाश लोगों को डराने और विरोध करने पर हमला करने के लिए करते थे। विवेक विहार थाना प्रभारी के नेतृत्व और एसीपी के मार्गदर्शन में पुलिस ने नए कानून के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल, स्कूटी और हथियारों को केस प्रॉपर्टी के रूप में जब्त कर लिया है।

पुलिस जांच में यह भी साफ हुआ है कि पकड़ा गया आरोपी अल्ताफ शातिर किस्म का अपराधी है। वह इससे पहले दिल्ली के सीमापुरी और गीता कॉलोनी थानों में दर्ज चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के छह अलग-अलग मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनता के सहयोग से एक बड़े अपराधी को पकड़ने में कामयाबी मिली है। फिलहाल पुलिस इस मामले में फरार चल रहे इसके दूसरे साथी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए तकनीकी सर्विलांस की मदद ले रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More