उत्तम नगर के घर में छुपाया था ₹60 लाख का ड्रग्स, मां-बेटी समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशे के सौदागरों और ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष फ्लैगशिप अभियान “नशे पर लगाम, देश को सलाम” के तहत एक बहुत बड़ी और सनसनीखेज सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक संगठित ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है और कुल 446 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद की गई इस अवैध ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय ब्लैक मार्केट में करीब ₹60 लाख आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में मां-बेटी समेत तीन बेहद शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम (26), पूजा उर्फ बरखा (37) और प्रेम देवी (61) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी ओम विहार, उत्तम नगर, नई दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पहले 123 ग्राम हेरोइन और ₹52,830 नगद बरामद किए थे, जिसके बाद उत्तम नगर स्थित इनके घर पर की गई ताजा छापेमारी में 323 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद हुई है। इस तरह मामले में अब तक कुल 446 ग्राम हेरोइन जब्त की जा चुकी है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि द्वारका और आसपास के इलाकों को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस एक निर्णायक युद्ध लड़ रही है। इसी कड़ी में एसीपी (ऑपरेशन्स) सुभाष मलिक के पर्यवेक्षण और एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें सब-इंस्पेक्टर नवीन कुमार, प्रेम कुमार, महिला एएसआई सोनू, महिला हेड कांस्टेबल मुनेश, हेड कांस्टेबल गोपाल, कांस्टेबल मुकेश और लोकेश शामिल थे।

इस टीम ने 7 मई को इस गिरोह के तीन सदस्यों नदीम, पूजा उर्फ बरखा और प्रेम देवी को गिरफ्तार किया था। शुरुआती गिरफ्तारी के समय आरोपियों के पास से 123 ग्राम हेरोइन मिली थी। हालांकि, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी महिला पूजा उर्फ बरखा ने चालाकी दिखाते हुए अपने मुख्य गोदाम की बात पुलिस से छुपा ली थी।

एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को 20 मई को अपने खुफिया तंत्र से एक पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी पूजा उर्फ बरखा का उत्तम नगर के दालमिल रोड के पिछले हिस्से में एक मकान है, जिसका इस्तेमाल वह ड्रग्स को स्टोर करने के लिए करती थी। गिरफ्तारी से ठीक पहले भी इस घर में हेरोइन की एक बहुत बड़ी खेप पहुंचाई गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए कानूनी प्रक्रिया के तहत माननीय अदालत से सर्च वारंट हासिल किया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत तय किए गए नियमों का पालन करते हुए पुलिस टीम ने दालमिल रोड स्थित उस बंद मकान पर अचानक छापा मारा। घर की सघन तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने वहां छुपाकर रखी गई 323 ग्राम शुद्ध हेरोइन बरामद कर ली। पुलिस अब आरोपी पूजा उर्फ बरखा को दोबारा माननीय अदालत के समक्ष पेश कर उसकी पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने कहीं और भी ड्रग्स छुपा कर रखी है या नहीं।

गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पूजा उर्फ बरखा अपनी 61 वर्षीय मां प्रेम देवी के साथ मिलकर इस ड्रग्स सिंडिकेट को संभाल रही थी। उनकी मां प्रेम देवी सीधे तौर पर शोएब अख्तर नामक एक बड़े सप्लायर से हेरोइन की खेप प्राप्त करती थी, जो वर्तमान में दिल्ली की जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है।

डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में कमर्शियल हेरोइन बरामद होने के बाद अब पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत आरोपियों के खिलाफ वित्तीय जांच भी शुरू कर दी है। इसके तहत पिछले कुछ वर्षों में इन नशा तस्करों द्वारा ड्रग्स की काली कमाई से अर्जित की गई सभी चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज और जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें अब इस पूरे नेटवर्क की अंतरराज्यीय कड़ियों और अन्य साथियों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More