भीड़भाड़ वाले बाजारों में खुजली वाला पाउडर छिड़ककर चोरी करने वाले गिरोह के 6 सदस्य पहाड़गंज से गिरफ्तार, नगदी और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के वेस्ट जिले की मोती नगर थाना पुलिस टीम ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी व ठगी करने वाले एक बेहद शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए ‘इचिंग पाउडर’ का इस्तेमाल कर लोगों का ध्यान भटकाने वाले गिरोह के सभी 6 सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश ग्वाला (22), निहाल ग्वाला (28), जॉनी जाधव ग्वाला (37), रमेश (47), जुगनू (48) और आनंद ग्वाला (40) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी मूल रूप से गांव फटापुकुर झांजीपाड़ा, जिला जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई रकम में से 78,800 रुपये कैश और चोरी के 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस प्रभावी कार्रवाई से मोती नगर थाने में दर्ज चोरी के एक सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा हुआ है।

वेस्ट जिले के डीसीपी दराड़े शरद भास्कर ने बताया कि 16 मई को मोती नगर इलाके में सुदर्शन पार्क स्थित के.टी. ट्रेडर्स के पास एक व्यक्ति से लगभग 98,000 रुपये की नगदी चोरी होने के संबंध में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता और अनोखे तरीके को देखते हुए पंजाबी बाग सब-डिवीजन के एसीपी जय प्रकाश और मोती नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर शुभम यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, ओमप्रकाश पावंडा, योगेश, कांस्टेबल चंदर प्रकाश और प्रदीप शामिल थे। टीम ने तुरंत घटनास्थल और उसके आसपास के साक्ष्यों पर काम करना शुरू कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके में सुरक्षा और निगरानी के लिए लगे 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए वारदात के बाद दो अलग-अलग ऑटो-रिक्शा का इस्तेमाल किया और बार-बार अपने रास्ते बदले। हालांकि, पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और तकनीकी सर्विलांस व सीसीटीवी ट्रैकिंग की मदद से आरोपियों का पीछा जारी रखा। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने सभी छह आरोपियों को दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से सफलतापूर्वक घेराबंदी कर धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अनोखे और शातिर मॉडस ऑपेरंडी का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जिनके पास भारी मात्रा में कैश या कीमती सामान होता था। गिरोह के सदस्य योजनाबद्ध तरीके से पीड़ित को चारों तरफ से घेर लेते थे और रास्ता रोकने का नाटक करते थे। इसी बीच एक आरोपी पीड़ित के शरीर पर चुपके से इचिंग पाउडर छिड़क देता था। पाउडर के असर से जैसे ही पीड़ित को तेज खुजली और असहजता महसूस होती थी और उसका ध्यान भटकता था, वैसे ही गिरोह के बाकी साथी उसके पास मौजूद बैग या जेब से कैश उड़ाकर रफूचक्कर हो जाते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं, जो देश के अलग-अलग राज्यों में घूम-घूमकर इसी तरह की चोरी और सेंधमारी की दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब इन आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दिल्ली और अन्य राज्यों में इन्होंने हाल ही में और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है, साथ ही बाकी बची हुई रकम को बरामद करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More