बलजीत नगर के हत्याकांड का एक और आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, आनंद पर्वत पुलिस ने खत्म किया फरारी का खेल

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की आनंद पर्वत थाना पुलिस टीम ने हत्या और जबरन अपहरण जैसी संगीन वारदात के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से राजस्थान के अलवर में छिपे बैठे एक वांछित और फरार हत्यारोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन चौहान (24) के रूप में हुई है, जो बलजीत नगर, दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात के समय उसके द्वारा पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं। इस प्रभावी कार्रवाई से आनंद पर्वत थाने में दर्ज हत्या और सामूहिक हमले के एक बेहद संवेदनशील मामले में फरार चल रहे आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने में सफलता मिली है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 15 मई को आनंद पर्वत थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया था कि 10-15 लड़कों ने मिलकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की है और उसे जबरन अगवा कर ले गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और जांच शुरू की गई। तलाश के दौरान बलजीत नगर के रामजस पार्क के पास जंगल वाले इलाके में एक 21 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ, जिसके सिर पर गंभीर चोटें थीं और शरीर पर चाकू के गहरे निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आनंद पर्वत थाने में बीएनएस की धारा 103(1)/3(5)/95 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

शुरुआती जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते लड़कों के एक गुट ने मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पहले ही एक मुख्य आरोपी विराट उर्फ गट्टू और एक नाबालिक को दबोच लिया था, जिनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद हो चुका था। हालांकि, इस वारदात में शामिल अन्य आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

बाकी बचे फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पटेल नगर सब-डिवीजन के एसीपी सुनील कुमार के समग्र पर्यवेक्षण और आनंद पर्वत के एसएचओ इंस्पेक्टर सुभाष चंदर के नेतृत्व में एक विशेष ‘क्रैक टीम’ का गठन किया गया। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल कैलाश, कांस्टेबल मनजीत और रवि शामिल थे। टीम ने तकनीकी सर्विलांस को मजबूत किया और अपने खुफिया सूत्रों को सक्रिय किया।

जांच के दौरान 20 मई को पुलिस टीम को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि इस हत्याकांड का वांछित आरोपी रोहन चौहान पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान के अलवर में छुपा हुआ है और बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा है। सूचना मिलते ही आनंद पर्वत थाने की विशेष टीम तुरंत अलवर के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने अलवर में तकनीकी इनपुट्स के आधार पर घेराबंदी की और रणनीतिक जाल बिछाकर आरोपी रोहन चौहान को सफलतापूर्वक धर दबोचा।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी रोहन चौहान ने बलजीत नगर के इस चर्चित हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह वारदात के बाद से ही लगातार दिल्ली से बाहर भागकर अपनी पहचान छुपाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर वारदात के वक्त पहने गए कपड़ों को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More