दिल्ली में स्मैक सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 46.66 ग्राम स्मैक और चोरी की स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की शालीमार बाग थाना पुलिस टीम ने नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दिल्ली के विभिन्न इलाकों में स्मैक (हेरोइन) की सप्लाई करने वाले दो शातिर सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हीरा उर्फ प्रिंस (28 वर्ष) निवासी पंजाबी बाग मेट्रो स्टेशन के पास और विवेक माथुर उर्फ विक्की (19 वर्ष) निवासी आजादपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से कुल 46.66 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। इसके अलावा आरोपी विवेक के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी भी बरामद हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी हीरा उर्फ प्रिंस एक आदतन और बेहद सक्रिय अपराधी है, जो पहले से स्नैचिंग और चोरी के 24 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 16 मई को शालीमार बाग थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एए-ब्लॉक झुग्गियों के पीछे रेलवे लाइन के पास कुछ लोग नशा तस्करी की गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शालीमार बाग के एसएचओ इंस्पेक्टर रामपाल सिंह और सब-डिसीजन के एसीपी मुकेश वालिया के निकट पर्यवेक्षण में हेड कांस्टेबल विपिन और संजय की एक समर्पित टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंचकर रणनीतिक नाकेबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा, जिसकी पहचान हीरा उर्फ प्रिंस के रूप में हुई। जब पुलिस टीम ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक सफेद पॉलिथीन बरामद हुई, जिसके अंदर भूरे रंग के पाउडर से भरी 22 छोटी पारदर्शी पुड़िया मिलीं। जांच करने पर वह स्मैक/हेरोइन पाई गई, जिसका कुल वजन 11.31 ग्राम था। इस संबंध में शालीमार बाग थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

थाने लाकर जब आरोपी प्रिंस से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने कुबूल किया कि वह पिछले कई सालों से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ड्रग्स की रीटेल सप्लाई कर रहा है। उससे मिली तकनीकी जानकारियों और कड़ियों को जोड़ते हुए जांच में आजादपुर के रहने वाले विक्की का नाम सामने आया। इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए सब-इस्पेक्टर रॉकी, सब-इंस्पेक्टर वेद प्रकाश, हेड कांस्टेबल साधु राम, कांस्टेबल सुभाष, सागर, हरेंद्र और उत्तम सिंह की एक बड़ी टीम बनाई गई।

इस टीम ने 17 और 18 मई की मध्यरात्रि को जाल बिछाकर समता विहार इलाके में एक बड़े गोदाम और संभावित ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दूसरे आरोपी विवेक माथुर उर्फ विक्की को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान विक्की के पास से 35.15 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके साथ ही उसके कब्जे से एक स्कूटी भी मिली, जिसे जब ज़िपनेट पर वेरिफाई किया गया तो वह रूप नगर थाने में साल 2021 में दर्ज ई-एफआईआर के तहत चोरी की पाई गई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने माना कि वे शॉर्टकट तरीके से जल्दी और आसानी से पैसा कमाने की चाहत में इस काले धंधे में उतरे थे। 28 वर्षीय प्रिंस जहां पहले से ही 24 संगीन मामलों में शामिल रहा है, वहीं 19 वर्षीय विक्की का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और चोरी की स्कूटी को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनसे यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे यह खेप दिल्ली में किससे खरीदकर लाते थे। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More