रणहोला से दो शातिर अपराधी दबोचे, 2 बटनदार चाकू और चोरी के 2 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के आउटर जिले की रणहोला थाना पुलिस टीमों ने इलाके में अपराधियों और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष पेट्रोलिंग अभियान के तहत दो अलग-अलग ऑपरेशन्स में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो शातिर और आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान अमन उर्फ पंचर (20 वर्ष) और राजा उर्फ बोका (24 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी विकास नगर, दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 02 बटनदार चाकू और चोरी के 02 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन दोनों गिरफ्तारियों से रणहोला थाने में पूर्व से दर्ज चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा हुआ है।

आउटर जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए बीट स्टाफ को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में पुलिस टीमों को दो अलग-अलग सफलताओं हाथ लगी हैं।

विकास नगर में आर्म्स एक्ट का वांटेड ‘अमन उर्फ पंचर’ गिरफ्तार

18 मई को रणहोला थाने की एक बीट पेट्रोलिंग टीम विकास नगर इलाके में गश्त पर थी, जिसमें हेड कांस्टेबल अमित और कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल थे। गश्त के दौरान जब टीम नाला रोड पर स्थित सुन्नी मरकज मस्जिद के पास पहुंची, तो वहां खड़ा एक युवक पुलिस स्टाफ को देखकर अचानक भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और उसे दबोच लिया, जिसकी पहचान अमन उर्फ पंचर के रूप में हुई। व्यक्तिगत तलाशी लेने पर उसके पास से एक बटनदार चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके बाद रणहोला थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

बरामद मोबाइल के आईएमईआई नंबर की जांच करने पर पता चला कि वह फोन रणहोला थाने में ही दर्ज ई-एफआईआर के तहत चोरी का था। आगे की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी अमन उर्फ पंचर पहले से ही रणहोला थाने के एक अन्य मामले में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत वांछित चल रहा था।

सैनिक विहार में रणहोला थाने का घोषित बदमाश ‘राजा उर्फ बोका’ दबोचा

इसी तरह 18 और 19 मई की मध्यरात्रि को रणहोला थाने की दूसरी पेट्रोलिंग टीम मोहन गार्डन इलाके में मुस्तैद थी, जिसमें हेड कांस्टेबल कुलबीर और कांस्टेबल कामराज शामिल थे। गश्त के दौरान जब टीम नाला रोड, सैनिक विहार में बुध वाटिका के पास पहुंची, तो पुलिस की मौजूदगी को भांपकर एक व्यक्ति अचानक यू-टर्न लेकर तेजी से भागने का प्रयास करने लगा। अलर्ट पुलिस स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया, जिसकी पहचान राजा उर्फ बोका के रूप में हुई।

सोनू की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भी एक बटनदार चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके बाद रणहोला थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। बरामद मोबाइल फोन की जांच से पता चला कि वह रणहोला थाने की ई-एफआईआर के तहत चोरी का था। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि 24 वर्षीय आरोपी राजा उर्फ बोका रणहोला थाने का घोषित बदमाश है और पूर्व में चोरी व झपटमारी के 10 अलग-अलग आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।

पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद किए गए चाकुओं और मोबाइलों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उनसे यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे चोरी के इन मोबाइलों को किसे बेचने वाले थे। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More