जहांगीरपुरी में पुलिस पिकेट तोड़ भाग रहे थार सवार ने कांस्टेबल और पुलिस मित्र को रौंदा, भीड़ ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए एक बेखौफ थार चालक द्वारा पुलिसकर्मियों की जान लेने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आउटर रिंग रोड पर गश्त के दौरान जब पुलिस टीम ने एक संदिग्ध महिंद्रा थार गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी चालक ने रुकने के बजाय पुलिस की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। दुस्साहस का आलम यह था कि आरोपी ने भागने की फिराक में मोटरसाइकिल पर सवार कांस्टेबल और पुलिस मित्र को गाड़ी से रौंद दिया। इस जानलेवा हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हालांकि, मौके पर मौजूद सजग जनता और घायल पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस के बल पर आरोपी को घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार (17 मई) की है। जहांगीरपुरी थाने में तैनात कांस्टेबल आशीष सांगवान और पुलिस मित्र संदीप सिंह इलाके में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर आउटर रिंग रोड के पास गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक महिंद्रा थार गाड़ी तेजी से आ रही है, जिसके पीछे कुछ लोग शोर मचाते हुए भाग रहे थे। मामले को संदिग्ध भांपते हुए कांस्टेबल आशीष और संदीप ने तुरंत अपनी सरकारी मोटरसाइकिल आगे बढ़ाकर थार चालक को रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख थार चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और सीधे पुलिस की बाइक में टक्कर मार दी। आरोपी ने भागने के प्रयास में जमीन पर गिरे कांस्टेबल और पुलिस मित्र के ऊपर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं।

इस खौफनाक मंजर को देखकर आउटर रिंग रोड पर मौजूद आम जनता का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए पुलिसकर्मियों की मदद की और थार को चारों तरफ से घेरकर उसके चालक को नीचे उतार लिया। सूचना मिलते ही जहांगीरपुरी थाने की अतिरिक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान अरमान शौकीन (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पीताम्पुरा इलाके का रहने वाला है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल कांस्टेबल आशीष सांगवान और पुलिस मित्र संदीप सिंह को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस संबंध में जहांगीरपुरी थाने में आरोपी अरमान शौकीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 132 और 221 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को जब्त कर लिया है और आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More