शराब की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चुराता था शातिर ऑटो-लिफ्टर; शाहदरा पुलिस ने दबोचा, तीन वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले की फर्ज बाजार थाना पुलिस टीम ने वाहन चोरी की घटनाओं पर कड़ा प्रहार करते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लव्यांशू बेदी (19 वर्ष), निवासी शाहदरा, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से पुलिस ने दिल्ली के कृष्णा नगर, आनंद विहार और विवेक विहार थानों में दर्ज वाहन चोरी के 3 अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहली बार इस तरह के अपराध को अंजाम दिया है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि जिले में वाहन चोरी पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए बीट स्टाफ को विशेष रूप से सतर्क किया गया था। इसी कड़ी में फर्ज बाजार थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर अजय करन शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें हेड कांस्टेबल अमित कुमार, दिवाकर और सचिन शामिल थे। यह पूरा ऑपरेशन शाहदरा सब-डिवीजन के एसीपी संजीव कुमार के करीबी पर्यवेक्षण में चलाया गया।

18 मई को फर्ज बाजार थाने के एएसआई अमित कुमार और कांस्टेबल जितेंद्र इलाके में रूटीन पेट्रोलिंग पर तैनात थे। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने देखा कि एक युवा लड़का बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालत में बैठा हुआ है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे घेरा और उसकी पहचान लव्यांशू बेदी के रूप में की। जब पुलिस ने उससे मोटरसाइकिल के मालिकाना हक के बारे में पूछताछ की, तो उसने दावा किया कि बाइक उसी की है, लेकिन वह गाड़ी के कोई भी वैध दस्तावेज या कागजात पेश नहीं कर सका। शक होने पर जब पुलिस ने वाहन के इंजन और चेसिस नंबर के जरिए रिकॉर्ड खंगाला, तो पता चला कि बाइक का असली कुछ ओर है, जो कृष्णा नगर थाने से चोरी हुई थी और इस संबंध में ई-एमवीटी दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।

थाने लाकर जब आरोपी से कड़ाई और सघनता से पूछताछ की गई, तो उसने वाहन चोरी की दो अन्य वारदातों को भी स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो और मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें आनंद विहार थाने से चोरी हुई हीरो एचएफ डीलक्स और विवेक विहार थाने से चोरी हुई हीरो होंडा स्प्लेंडर शामिल हैं। पुलिस ने तीनों बाइकों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है।

पूछताछ में आरोपी लव्यांशू ने खुलासा किया कि वह केवल 10वीं कक्षा तक पढ़ा है। कोई निश्चित आय न होने और शराब की बुरी लत के कारण वह पैसों की तंगी से जूझ रहा था। अपनी इसी लत को पूरा करने और आसानी से पैसे कमाने के लिए उसने मोटरसाइकिलें चुराना शुरू कर दिया। वह इन चोरी की मोटरसाइकिलों को बेहद सस्ते दामों पर बेचने की फिराक में था, लेकिन बेचने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह चोरी की गाड़ियां किसे बेचने वाला था और क्या उसके साथ इस धंधे में कोई और रिसीवर भी शामिल है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More