न्यू अशोक नगर थाने में मची अफरा-तफरी, मालखाना पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में भड़की भीषण आग

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने के मालखाना पार्किंग एरिया में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वहां खड़ी केस प्रॉपर्टी की गाड़ियों से धुएं का गुबार उठने लगा। दोपहर का वक्त होने के कारण थाने में रोजाना के कामकाज के सिलसिले में काफी लोग मौजूद थे, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस कर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए स्थानीय संसाधनों से आग बुझाने का काम शुरू किया और दमकल विभाग को सूचित किया। कड़े संघर्ष के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

पुलिस और दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे न्यू अशोक नगर थाने के लॉन और मालखाना पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ियों के बीच से अचानक आग की लपटें उठती देखी गईं। आग लगते ही थाने के स्टाफ ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला। पुलिस कर्मियों ने थाने में मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर और परिसर की ओवरहेड पानी की टंकी से पानी की बौछार कर आग को मुख्य इमारत की तरफ बढ़ने से रोका। इसी के साथ पास के दमकल केंद्र को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे।

आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद दमकल अधिकारियों ने इसे गंभीर श्रेणी में डालते हुए अन्य केंद्रों से पानी के बड़े वाहनों को तुरंत रवाना किया गया। दमकल की लगभग आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों ने मिलकर चारों तरफ से आग को घेरा और दोपहर करीब पौने दो बजे इसे पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया। इसके बाद दोपहर दो बजकर बीस मिनट पर आग को पूरी तरह बुझाकर स्टॉप मैसेज दिया गया, जिसके बाद भी एहतियातन काफी देर तक कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया ताकि आग दोबारा न भड़क सके।

पूर्वी जिला डीसीपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आग मालखाना पार्किंग में खड़ी केस प्रॉपर्टी की गाड़ियों में अचानक लगी, जिसने धीरे-धीरे आसपास के अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई के कारण आग को एक ही हिस्से में सीमित रखा गया, जिससे थाने के मुख्य प्रशासनिक भवन और रिकॉर्ड रूम को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस पूरे अग्निकांड में किसी भी पुलिसकर्मी या आम नागरिक को कोई चोट नहीं आई है और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई है। फिलहाल पुलिस आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More