रॉन्ग साइड से आ रहा शातिर अपराधी को दबोचा, चोरी की स्कूटी, 5 मोबाइल और बटनदार चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के आउटर जिले की नांगलोई थाना पुलिस टीम ने स्ट्रीट क्राइम, अवैध हथियारों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके में सक्रिय एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान सोनू (28 वर्ष) निवासी पश्चिम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक अवैध बटनदार चाकू, चोरी की एक स्कूटी और 5 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस बड़ी गिरफ्तारी से पुलिस ने नांगलोई, मुंडका, पश्चिम विहार वेस्ट और निहाल विहार थानों में दर्ज चोरी और वाहन चोरी के 6 अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आउटर जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। इसी कड़ी में 17 मई को नांगलोई थाने की एक पेट्रोलिंग टीम नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर रूटीन गश्त पर तैनात थी, जिसमें हेड कांस्टेबल सुधीर और कांस्टेबल विक्रांत शामिल थे। गश्त के दौरान जब टीम नांगलोई स्थित एमसीडी ऑफिस के पास पहुंची, तो उन्होंने एक स्कूटी सवार को गलत दिशा से आते हुए देखा। संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को सामने देखकर चालक ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने का प्रयास करने लगा।

पुलिस स्टाफ ने तुरंत मुस्तैदी और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्कूटी का पीछा किया और घेराबंदी करके चालक को मौके पर ही धर दबोचा, जिसकी पहचान सोनू के रूप में हुई। जब पुलिस टीम ने नियमानुसार आरोपी की व्यक्तिगत तलाशी ली, तो उसके पास से एक बटनदार चाकू और 5 मोबाइल फोन बरामद हुए। अवैध हथियार रखने के जुर्म में आरोपी के खिलाफ नांगलोई थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके बाद जब पुलिस टीम ने पकड़े गए 5 मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों को तकनीकी रूप से वेरिफाई किया, तो एक बड़ा खुलासा हुआ। ये सभी मोबाइल फोन दिल्ली के अलग-अलग थानों से चुराए गए थे, जिनमें नांगलोई थाने के दो मामले, मुंडका थाने का एक मामला, पश्चिम विहार वेस्ट थाने का एक मामला और निहाल विहार थाने का एक चोरी का मामला शामिल था। इसके साथ ही जब पुलिस ने आरोपी से स्कूटी के दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने जब ज़िपनेट सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्कूटी के रिकॉर्ड की जांच की, तो पता चला कि वह स्कूटी भी नांगलोई थाने में दर्ज ई-एफआईआर के तहत चोरी की पाई गई थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी सोनू ने स्वीकार किया कि वह अपनी जरूरतों और बुरी आदतों को पूरा करने के लिए सुनसान रास्तों पर राहगीरों से मोबाइल झपटता था और घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को उड़ा लेता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सोनू आउटर दिल्ली का एक शातिर और पुराना अपराधी है, जो इससे पहले भी चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के 10 अलग-अलग मामलों में संलिप्त रह चुका है। पुलिस ने सभी बरामद सामान को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है और आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह चोरी के मोबाइल किसे बेचता था। मामले की आगे की जांच तेजी से जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More