लक्ष्मी नगर पुलिस ने साइकिल चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 37 मामलों में शामिल दो शातिर गिरफ्तार

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली की लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए साइकिल चोरी के एक मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने समाज के लिए सिरदर्द बने दो बेहद शातिर और आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की गई ‘टाटा स्ट्राइडर’ साइकिल बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्विनी उर्फ विपिन उर्फ बोची (26 वर्ष) और ललित उर्फ चुहिया (23 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी गीता कॉलोनी के सरोजिनी नायडू पार्क इलाके के रहने वाले हैं।

पूर्वी जिला के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 12 मई को लक्ष्मी नगर के वेस्ट गुरु अंगद नगर निवासी रवि डालमिया की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ ई-प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पीड़ित ने बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी कीमती टाटा स्ट्राइडर साइकिल चोरी कर ली है। शिकायत मिलते ही मामले की त्वरित तफ्तीश और चोरों की धरपकड़ के लिए जांच शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी प्रीत विहार अशोक कुमार के मार्गदर्शन और लक्ष्मी नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजीत कुमार झा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रहीश कुमार, अरुण कुमार, कांस्टेबल देवी सिंह और हेड कांस्टेबल वसीम अकरम की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के रूटों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बेहद बारीकी से विश्लेषण किया।

सतत प्रयासों, ग्राउंड-लेवल पुलिसिंग और मुखबिरों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को ट्रैक कर सफलतापूर्वक दबोच लिया। गहन पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी की गई काले रंग की टाटा स्ट्राइडर साइकिल बरामद कर ली गई।

पुलिस रिकॉर्ड के सत्यापन के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पकड़े गए दोनों आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं। मुख्य आरोपी अश्विनी उर्फ बोची पर पहले से ही चोरी और झपटमारी जैसी विभिन्न धाराओं के तहत 22 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, उसका दूसरा साथी ललित उर्फ चुहिया भी कोई साधारण चोर नहीं है, वह भी पहले से 15 से अधिक आपराधिक मुकदमों में शामिल पाया गया है। इन दोनों की गिरफ्तारी से इलाके में चोरी की वारदातों पर लगाम कसने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य चोरी के मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More