सुनार से लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़,5 आरोपी गिरफ्तार, 250 ग्राम सोना और ₹2.31 लाख बरामद

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के स्पेशल स्टाफ और प्रीति विहार थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक सुनार के साथ हुई सशस्त्र लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य लुटेरों सहित उनके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में 21 सोने की चेन (वजन लगभग 250 ग्राम) और ₹2,31,000 की नगदी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह को पकड़ने के लिए 10 दिनों तक करीब 600 सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया गया।

पूर्वी जिला के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 3 मई की रात करीब 10:30 बजे मंडावली में पिछले 22 साल से व्यापार कर रहे सुनार सुकुमार धारा अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो सशस्त्र बदमाशों ने उन्हें रोककर गनपॉइंट पर उनकी स्कूटी लूट ली, जिसमें 23 सोने की चेन, सोने के टुकड़े, ₹3 लाख नगद और उनका मोबाइल फोन रखा था। इस संबंध में प्रीति विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार और एसीपी प्रीति विहार अशोक कुमार के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक और इंस्पेक्टर सुबोध सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। चूंकि घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, इसलिए टीमों ने आरोपियों के भागने के सभी संभावित रास्तों की जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए भागते समय तीन बार अपने कपड़े बदले और लूटा हुआ मोबाइल फोन एक चलते हुए ट्रक में फेंक दिया ताकि पुलिस को गलत तकनीकी लीड मिले।

10 दिनों की कड़ी मशक्कत और विकास मार्ग से लेकर सिग्नेचर ब्रिज और जाफराबाद तक के करीब 600 सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने का पता लगाया। पुलिस ने मुख्य लुटेरे विजय कुमार (30 वर्ष) और सुनील (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। विजय कुमार पर पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके अलावा रेकी करने वाले अर्जुन और आनंद, तथा मुखबिरी करने वाले प्रॉपर्टी डीलर हरीश को भी दबोच लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया बैग, हेलमेट और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More