धौला कुआं में डीटीसी बस का कहर: सड़क पार कर रहे व्यक्ति को कुचला, मौके पर ही मौत

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के व्यस्ततम इलाकों में शुमार धौला कुआं क्षेत्र में शुक्रवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। धौला कुआं मेट्रो स्टेशन के एग्जिट गेट के पास एक बेकाबू ऑरेंज कलर की डीटीसी बस ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पीड़ित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना की चपेट में आने से एक बाइक सवार भी मामूली रूप से घायल हुआ है। वारदात के बाद आरोपी बस चालक मौके से बस लेकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी विजय सिंह (40) के रूप में की है। पुलिस ने मामले में हिट एंड रन की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार, 15 मई की है। उन्नाव के लालू खेड़ा निवासी विजय सिंह धौला कुआं मेट्रो स्टेशन के पास से पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ऑरेंज क्लस्टर बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही विजय सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया उन पर चढ़ गया, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की गति काफी अधिक थी और टक्कर मारने के बाद चालक ने रुकने के बजाय बस की रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से भाग निकला।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुँची। क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद विजय सिंह के शव को एम्बुलेंस के जरिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसे शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंपा जाएगा।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, फरार डीटीसी बस और उसके चालक को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बस के नंबर और भागने के रूट का सटीक पता लगाया जा सके। साथ ही, डीटीसी डिपो से भी जानकारी साझा की गई है ताकि उस रूट पर चलने वाली बसों के रिकॉर्ड की जांच की जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद धौला कुआं क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More