सेना भवन के पास नौकरी लगवाने के नाम पर बुलाता था दिल्ली, फिर वाहन लेकर होता था फरार, पुलिस से कश्मीर गेट से दबोचा

नई दिल्ली: नई दिल्ली जिला के साउथ एवेन्यू थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है जो बेरोजगार युवाओं को अपना निशाना बनाता था। आरोपी सेना भवन के आसपास नौकरी लगवाने का झूठा वादा कर लोगों को बुलाता था और फिर चकमा देकर उनके वाहन लेकर चंपत हो जाता था। पुलिस ने इस मामले में अमृतसर निवासी 28 वर्षीय राजन शर्मा को आईएसबीटी कश्मीर गेट से उस समय दबोचा, जब वह “मोहित” नाम की फर्जी पहचान के साथ बस पकड़ने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

साउथ एवेन्यू थाना पुलिस को मार्च और अप्रैल महीने में ऐसी कई शिकायतें मिली थीं, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा नौकरी का लालच देकर वाहन ठगने की बात सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चाणक्यपुरी के एसीपी की देखरेख में इंस्पेक्टर नितिन कुमार, एसआई रोहित और महिला एसआई सोनम सहित एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बेहद शातिर है और अपनी लोकेशन छिपाने के लिए वीपीएन सेवाओं के साथ-साथ बार-बार मोबाइल हैंडसेट और सिम कार्ड बदल रहा था।

करीब दो महीने तक तकनीकी और जमीनी निगरानी (सर्वेलांस) रखने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा कई राज्यों में किया। अंततः सूचना मिली कि वह गफ्फार मार्केट से पुराना मोबाइल खरीदने के बाद अमृतसर भागने की तैयारी में है। पुलिस ने कश्मीर गेट पर जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शाहदरा इलाके से वे वाहन भी बरामद कर लिए जिन्हें उसने ठगी के बाद बेच दिया था। इस मामले में चोरी का माल खरीदने वाले दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी राजन शर्मा महज 12वीं पास है और बेरोजगार है। वह पहले भी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के नंदग्राम (गाजियाबाद) में आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। गाजियाबाद में उसने एक टैक्सी चालक पर धारदार हथियार से हमला भी किया था। साउथ एवेन्यू पुलिस की इस कार्रवाई से तीन बड़े आपराधिक मामलों को सुलझा लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने और कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More