सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग रैकेट का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, 51 आईफोन सहित 66 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली की सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस और सराय काले खां चौकी की टीम ने मोबाइल झपटमारी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी व झपटमारी के कुल 66 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें 51 महंगे आईफोन और 15 एंड्राइड फोन शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय समीर, 23 वर्षीय सुहैल और चोरी के फोन खरीदने वाले 36 वर्षीय रिसीवर जाहिर उर्फ सलमान के रूप में हुई है। समीर बवाना का रहने वाला है और उस पर पहले से झपटमारी व लूट के 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सुहैल दरियागंज का निवासी है। वहीं, चांदनी महल निवासी जाहिर उर्फ सलमान इन मोबाइलों को अपराधियों से सस्ते में खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचता था।

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि 18 अप्रैल को आईपी पार्क के गेट नंबर 4 के पास एक युवक से नारंगी रंग का आईफोन 17 प्रो छीना गया था। वारदात को पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने अंजाम दिया था। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी लाजपत नगर के पर्यवेक्षण और एसएचओ सनलाइट कॉलोनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में सराय काले खां चौकी प्रभारी एसआई धनंजय दुबे, एसआई दीपक, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र, बलराम, रंजीत, कांस्टेबल विकास, राहुल और महिला कांस्टेबल अंजू को शामिल किया गया था।

पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद सबसे पहले समीर और सुहैल को चिन्हित कर उन्हें धर दबोचा। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि वे छीने हुए फोन चांदनी महल इलाके के रहने वाले जाहिर उर्फ सलमान को बेच देते थे। पुलिस टीम ने जब जाहिर के ठिकाने पर छापेमारी की, तो वहां से एक के बाद एक 64 मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में पता चला कि पीड़ित का आईफोन 17 प्रो जाहिर ने पहले ही 40 हजार रुपये में किसी तीसरे व्यक्ति को बेच दिया था, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी जाहिर पिछले काफी समय से दिल्ली के विभिन्न इलाकों के झपटमारों के संपर्क में था। वह उनसे कौड़ियों के दाम पर फोन खरीदकर ग्रे मार्केट में ग्राहकों को बेच देता था। डीसीपी ने बताया कि बरामद किए गए सभी 66 मोबाइल फोनों का विवरण जिपनेट और सीसीटीएनएस पोर्टल पर डाला जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ये फोन दिल्ली और आसपास के किन थानों से चोरी किए गए थे। पुलिस अब इस सिंडिकेट के अन्य खरीदारों और मददगारों की कुंडली खंगाल रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क की जड़ तक पहुंचा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More