श्याम नगर में ब्लेड दिखाकर लूट करने वाला शातिर अपराधी एक घंटे के भीतर गिरफ्तार

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली की तिलक नगर थाना पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए लूट की एक वारदात को प्राथमिकी दर्ज होने के मात्र एक घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से लूटी गई नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया सर्जिकल ब्लेड बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य उर्फ मोरी (20 वर्ष), निवासी श्याम नगर के रूप में हुई है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 10 मई की सुबह तिलक नगर थाने को श्याम नगर मेन रोड स्थित अक्सा मस्जिद के पास लूटपाट की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता संतोष ने बताया कि जब वह अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने सर्जिकल ब्लेड दिखाकर उसे डराया और उससे ₹2100 लूट लिए।

इस शिकायत पर तिलक नगर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ तिलक नगर के नेतृत्व में एसआई मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल सुनील, कांस्टेबल दीपक और विकास की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में अपने मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।

पुलिस टीम के अथक प्रयासों से एफआईआर दर्ज होने के एक घंटे के भीतर ही आरोपी आदित्य उर्फ मोरी को श्याम नगर झुग्गी के पास स्थित वुडलैंड पार्क से धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लूटे गए ₹1400 और हमले में इस्तेमाल किया गया सर्जिकल ब्लेड बरामद हुआ।

जांच में सामने आया है कि आरोपी आदित्य एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी लूटपाट तथा शस्त्र अधिनियम के पांच गंभीर मामलों में शामिल रहा है। पुलिस फिलहाल उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की तफ्तीश जारी है। तिलक नगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके के निवासियों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More