बवाना में रफ्तार का कहर: बोलेरो ने ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, चालक समेत दो की मौत

नई दिल्ली: दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत डीएसआईआईडीसी (DSIIDC) सेक्टर-2 में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने ई-रिक्शा को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा चालक और एक यात्री ने अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मौके पर पहुँची बवाना थाना पुलिस को आरोपी वाहन की टूटी हुई नंबर प्लेट मिली है, जिसके आधार पर आरोपी चालक की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

घटना बुधवार, 13 मई की है। पुलिस को सूचना मिली कि बवाना के डी-4, सेक्टर-2 के पास एक बोलेरो और ई-रिक्शा के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई है। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने पाया कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत महर्षि वाल्मीकि अस्पताल पहुँचाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने ई-रिक्शा चालक जमीर आलम (55 वर्ष), निवासी जेजे कॉलोनी बवाना और यात्री सोने लाल दास (50 वर्ष), निवासी सीतामढ़ी (बिहार) को ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।

हादसे में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी पहचान रामा (45 वर्ष), राज (20 वर्ष) और सहाना (22 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो की गति बहुत अधिक थी और टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन उसकी नंबर प्लेट वहीं गिर गई।

बवाना थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बोलेरो के मालिक का विवरण निकाल लिया है और आरोपी चालक को पकड़ने के लिए कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद बवाना जेजे कॉलोनी और मृतकों के परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More