सफेद पार्क के पास पुलिस को देख भाग रहा था हिस्ट्रीशीटर, मयूर विहार पुलिस ने पीछा कर लोडेड पिस्टल के साथ पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला की मयूर विहार थाना पुलिस ने अवैध हथियारों और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्रिलोकपुरी इलाके में गश्त के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध ‘देसी कट्टे’ और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरफराज उर्फ राजा (30 वर्ष), निवासी त्रिलोकपुरी के रूप में हुई है, जो पहले से ही लूट, चोरी और स्नैचिंग जैसे 8 गंभीर मामलों में शामिल रहा है।

पूर्वी जिला की एडिशनल डीसीपी सृष्टि पांडेय ने जानकारी दी कि मयूर विहार इलाके में सुरक्षा और गश्त बढ़ाने के निर्देशों के तहत एसएचओ मयूर विहार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राजकुमार सिंह, कांस्टेबल संदीप सिंह और सुधीश की एक टीम तैनात की गई थी। 10 मई को दोपहर करीब 02:50 बजे जब यह टीम त्रिलोकपुरी के 18 ब्लॉक स्थित सफेद पार्क के पास गश्त कर रही थी, तभी कांस्टेबल संदीप सिंह ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा, जिसे टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की डब से एक लोडेड अवैध देसी कट्टा और उसमें फंसा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सरफराज उर्फ राजा के रूप में बताई। पुलिस ने इस संबंध में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार करीब 8-9 महीने पहले ₹7,000 में खरीदा था। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और इलाके में अपना दबदबा कायम करने तथा आपराधिक वारदातों के दौरान लोगों में डर पैदा करने के लिए हथियार साथ रखता था। आरोपी अनपढ़ और बेरोजगार है, लेकिन अपराध की दुनिया में काफी सक्रिय रहा है।

सरफराज उर्फ राजा एक घोषित हिस्ट्रीशीटर है। वह मयूर विहार, प्रीत विहार और पांडव नगर थानों में दर्ज कुल 8 मामलों में शामिल पाया गया है, जिनमें मारपीट, लूटपाट, चोरी और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन के केस शामिल हैं।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने यह हथियार किससे खरीदा था ताकि अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ा जा सके। मयूर विहार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More