क्रॉस रिवर मॉल के पास मोबाइल छीनकर भाग रहे थे बदमाश, पब्लिक और पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला की आनंद विहार थाना पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए मोबाइल स्नैचिंग की एक वारदात को महज 24 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से छीना गया सैमसंग S25 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ (29 वर्ष) और इमरान उर्फ नग्गा (30 वर्ष) के रूप में हुई है।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 10 मई की रात करीब 11:40 बजे, शिकायतकर्ता मोहम्मद साहिल क्रॉस रिवर मॉल के पास मौजूद थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनके हाथ से सैमसंग S25 मोबाइल छीन लिया और भागने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सतर्क जनता और पुलिस कर्मियों की फुर्ती से एक आरोपी आसिफ को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी मोबाइल लेकर फरार होने में कामयाब रहा। इस संबंध में थाना आनंद विहार में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

फरार आरोपी की तलाश के लिए आनंद विहार थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। गिरफ्तार आसिफ से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान इमरान उर्फ नग्गा के रूप में हुई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 12 मई को नंद नगरी गोल चक्कर के पास छापेमारी कर इमरान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से छीना गया मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल भी चोरी की है, जो सराय रोहिल्ला थाने में दर्ज एक मामले से जुड़ी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं। इमरान उर्फ नग्गा के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में चोरी और स्नैचिंग के 18 से अधिक मामले दर्ज हैं, वहीं आसिफ के खिलाफ 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More