कारोबारी से लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, शकरपुर पुलिस ने दबोचे 4 लुटेरे

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर थाना पुलिस ने तत्परता और तकनीकी कुशलता का परिचय देते हुए लूट के एक सनसनीखेज मामले को दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल साजिशकर्ता और लुटेरों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्श उर्फ अरशद (23 वर्ष), फरदीन उर्फ फरहान (22 वर्ष), मंजीत सिंह उर्फ मन्नी (22 वर्ष) और हुमाम खान (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, रेकी के लिए प्रयुक्त स्कूटी, घटना के समय पहने गए कपड़े, चप्पल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पूर्वी जिले की एडिशनल डीसीपी सृष्टि पांडेय ने बताया कि 9 मई को लाल कुआं निवासी जुबैर खान ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित अपने व्यापार के लिए ₹1,16,000 नकद लेकर स्कूटी से गाजीपुर मछली बाजार जा रहा था। जब वह आईटीओ पार कर गीता कॉलोनी कट के पास पहुंचा, तो मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसकी चलती स्कूटी में लात मारकर उसे रोकने की कोशिश की और चाकू दिखाकर डराया। जान बचाने के लिए पीड़ित वहां से भागा, जिसके बाद आरोपियों ने स्कूटी की डिग्गी में रखे पैसे लूट लिए और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए शकरपुर थाने के एसएचओ और प्रीत विहार एसीपी के मार्गदर्शन में एसआई अनुभव, हेड कांस्टेबल राहुल, अनुराग, कांस्टेबल नवीन और सत्यम की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने दिल्ली-6, आईटीओ, गीता कॉलोनी और लक्ष्मी नगर के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी के माध्यम से संदिग्धों के आने-जाने के पैटर्न का पता लगाया गया। जांच में वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सामने आया, जो मुख्य आरोपी अर्श उर्फ अरशद की पत्नी के नाम पर पंजीकृत थी। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर अर्श को दबोच लिया। पूछताछ में अर्श ने पूरी साजिश का खुलासा किया, जिसके बाद उसके साथी फरदीन, मंजीत और हुमाम खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हुमाम खान पहले पीड़ित के साथ गाजीपुर मछली बाजार में काम कर चुका था और उसकी पीड़ित से पुरानी रंजिश थी। रंजिश निकालने और आर्थिक लाभ कमाने के लिए हुमाम ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। हुमाम ने पीड़ित के आने-जाने के समय और कैश के बारे में पूरी रेकी की थी और वारदात को अंजाम देने के लिए गीता कॉलोनी कट जैसे सुनसान इलाके को चुना था। फिलहाल सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और शेष लूटी गई रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पूर्वी जिला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर दिल्ली पुलिस की पेशेवर दक्षता को साबित किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More