नेहरू प्लेस में महिलाओं पर की अभद्र टिप्पणियां, विरोध करने पर की मारपीट,तीन आरोपी हिरासत में, चौथे की तलाश जारी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में महिलाओं के साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में कालकाजी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जाकिर नगर, ओखला निवासी मोहम्मद फहाद (28), मोहम्मद सावेज और मोहम्मद आरिफ (33) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फहाद एक निजी संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर है, जबकि सावेज पहले क्लबों में बाउंसर का काम करता था और वर्तमान में अनुबंध कर्मचारी है। तीसरा आरोपी आरिफ नोएडा के एक मोबाइल स्टोर में कार्यरत है। पुलिस इन तीनों से गहन पूछताछ कर रही है और चौथे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

डीसीपी साउथ ईस्ट हेमंत तिवारी ने बताया कि घटना रविवार, दस मई की सुबह करीब सात बजे की है, जब नेहरू प्लेस स्थित इरोज होटल के पास एक चाय की दुकान पर असम और बिहार की रहने वाली दो महिलाओं के साथ आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणियां कीं और उनके साथ गाली-गलौज की। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही कालकाजी थाने की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पीड़ितों को सुरक्षित निकालकर एम्स अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी साउथ ईस्ट हेमंत तिवारी के निर्देशन में पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों व राहगीरों से पूछताछ की। तकनीकी जांच और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ के बाद चार मुख्य आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस ने लगातार छापेमारी करते हुए अब तक तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ में वारदात की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

कालकाजी थाना पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 74, 126(2), 351(2), 78 और 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज किया है। ये धाराएं महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी से संबंधित हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चौथे आरोपी के संभावित ठिकानों का पता लगा लिया गया है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More