बादली में गंदगी देख सख्त हुए महापौर, खुद खड़े होकर हटवाया मलबा और अधिकारियों को लगाई फटकार

नई दिल्ली: दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को सिविल लाइंस जोन के अंतर्गत बादली क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में व्याप्त गंदगी, सड़कों पर बिखरे मलबे और ढुलमुल सफाई व्यवस्था को देखकर महापौर का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि दिल्ली की स्वच्छता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर स्वयं मौके पर डटे रहे और अपने सामने ही निगम कर्मचारियों से मलबा उठवाने का कार्य शुरू कराया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी कूड़ा उठाकर कर्मचारियों और अधिकारियों को स्वच्छता के प्रति गंभीर होने का संदेश दिया।

महापौर ने बादली के विभिन्न गलियों और मुख्य मार्गों का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे बात कर उनकी नागरिक समस्याओं को सुना। कई स्थानों पर जलजमाव और मलबे की शिकायत मिलने पर उन्होंने क्षेत्रीय उपायुक्त को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि सफाई व्यवस्था निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही पाई गई, तो संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्रीय व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद करते हुए महापौर ने उन्हें स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर अनिवार्य रूप से कूड़ेदान रखने की अपील की ताकि कूड़ा सड़कों पर न फैले। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है जब निगम के साथ-साथ आम नागरिक और व्यापारी वर्ग भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। महापौर की इस कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने सराहना की और मौके पर ही समस्याओं के निपटारे के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

महापौर प्रवेश वाही ने निरीक्षण के बाद कहा कि वे स्वयं और निगम के वरिष्ठ अधिकारी लगातार विभिन्न जोन का दौरा कर रहे हैं ताकि जनता को दी जाने वाली सुविधाओं में कोई कमी न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़ा निस्तारण और मलबा हटाने की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक दीपक चौधरी, निगम पार्षद गायत्री यादव, क्षेत्रीय उपायुक्त शशि प्रताप सिंह सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More